Lover couple dies by consuming poison in Handia
हंडिया (प्रयागराज)। हंडिया के किरांव गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर प्रेमी युगल अनिल कुमार और पिंकी ने जहर खाकर जान दे दी। मरने से पहले दोनों खेत में मिले और वहीं जहर खा लिया। लोगों ने देखा तो पुलिस और घरवालों को सूचना दी। दोनों एक ही कालेज में पढ़ते थे। प्रेम प्रसंग से दोनों के घरवाले नाराज थे। पिंकी के घरवालों ने अनिल के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
हंडिया के बुनवापुर किरांव गांव के रहने वाले अनिल कुमार बिंद (20) और पड़ोस में रहने वाली पिंकी (18) एक ही कालेज में अलग-अलग कक्षाओं में पढ़ते थे। दोनों के बीच दो सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक ही बिरादरी के होने के बाद भी दोनों के घरवालों को रिश्ता पसंद नहीं था। घरवालों ने पाबंदी लगाई तो दोनों पांच महीने पहले भाग गए थे। पिंकी के पिता राजित राम बिंद ने अनिल के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। करीब दो महीने बाद पिंकी वापस आ गई।
पुलिस ने उसका बयान और मेडिकल कराया था। उसके बयान के आधार पर अनिल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। घटना के बाद पिंकी के घरवालों ने उसके बाहर निकलने और मोबाइल पर बात करने पर रोक लगा दी थी। बृहस्पतिवार की दोपहर दोनों ने किसी तरह एक दूसरे संपर्क किया और गांव में खेत में जाकर जहर खा लिया। ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस और घरवालों को बुलाया। दोनों को पहले सीएचसी फिर एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।