नैनी के नए यमुना पुल पर बुधवार दोपहर एक प्रेमी जोड़ा आत्मघाती कदम उठाने के इरादे से पुल पर पहुंचा लेकिन ऐन वक्त पर प्रेमिका के कदम रुक गए। प्रेमी ने अकेले ही यमुना में छलांग लगा दी, जबकि युवती मौके से चुपचाप चली गई। जल पुलिस ने समय रहते युवक को बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान अन्नू गुप्ता पुत्र राधेश्याम गुप्ता, निवासी मेजा खास के रूप में हुई है। युवती की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बुधवार दोपहर करीब चार बजे सफेद रंग की स्कूटी से अन्नू और युवती नए यमुना पुल पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान युवक ने युवती का हाथ पकड़कर साथ में यमुना में कूदने की कोशिश की। युवती ने अपना हाथ छुड़ा लिया और पीछे हट गई। इसके बाद युवक ने अकेले ही नदी में छलांग लगा दी।
युवक को नदी में गिरता देख राहगीरों ने शोर मचाया और तत्काल जल पुलिस को सूचना दी। मौके पर मौजूद जल पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची कीडगंज पुलिस को पुल पर स्कूटी लावारिस हालत में मिली, जिसे कब्जे में ले लिया गया है।