प्रयागराज के मऊआइमा के सरायअलाउद्दीनपुर गांव स्थित घर में आधी रात घुसे डकैतों ने जमकर तांडव किया। धारदार हथियार, लाठी-डंडों से हमलाकर स्वास्थ्य विभाग के संविदाकर्मी को मार डाला। फिर महिलाओं को बंधक बनाकर 1.5 लाख नगदी समेत 6.5 लाख रुपये का सामान लूट ले गए।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस इसे कच्छा-बनियान गिरोह की करतूत बता रही है। फिलहाल घटनास्थल के पास रहने वाले पांच बंजारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सरायअलाउद्दीनपुर उर्फ जोगापुर गांव में रहने वाले इंद्रपाल स्वास्थ्य विभाग से रिटायर हैं। वह मऊआइमा पीएचसी के पास ही आवास बनवाकर परिवार समेत रहते हैं। बुधवार शाम वह शहर के मुंडेरा में रहने वाले रिश्तेदार के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे।
घर में बेटा सत्येंद्र पाल उर्फ सोनू (25), पत्नी पुष्पा देवी, पत्नी की बहन चंपा देवी व बेटी रेखा थे। मऊआइमा पीएचसी में ऑप्टोमेट्रिस्ट के पद पर तैनात सत्येंद्र छत पर जबकि तीनों महिलाएं नीचे बने कमरे में सो रही थीं।
भोर में 3.30 बजे के करीब पांच हथियारबंद बदमाश मुख्य दरवाजे व बाउंड्री के बीच स्थित जगह से घर के अहाते में घुसे और फिर बगल स्थित सीढ़ी के जरिए छत पर पहुंच गए। आहट सुनकर सत्येंद्र जगा तो उस पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला बोल दिया।
ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या करने के बाद बदमाश नीचे पहुंचे और कमरे में दाखिल होकर वहां सो रही महिलाओं को बंधक बना लिया। इससे पहले उन्हें बुरी तरह पीटा भी।
इसके बाद बाद आलमारी, बक्से का ताला तोड़कर नगदी, गहने, लैपटॉप समेत अन्य सामान लूटकर भाग निकले। जाते वक्त महिलाओं के गहने भी उतरवा कर साथ ले गए। बदमाशों के जाने के बाद महिलाओं ने शोर मचाया तो आसपड़ोस के लोग पहुंचे और फिर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात की जानकारी पर पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया।
आननफानन में एसएसपी समेत तमाम अधिकारी पहुंच गए। डॉग स्क्वॉड व फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल महिलाओं ने पूछताछ में बताया है कि बदमाशों ने कच्छा-बनियान पहन रखा था, जिसके आधार पर पुलिस इस वारदात को इसी गिरोह की करतूत मान रही है।
पांच बंजारे उठाए गए, होती रही पूछताछ
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने छत पर बिखरे खून के नमूने लिए। साथ ही उसे कई लोगों के अंगुलियों के निशान भी मिले हैं, जिसका नमूना एकत्र कर लिया गया है। उधर मौके पर पहुंचा खोजी कुत्ता कुछ देर घर में टहलने के बाद घटनास्थल से कुछ दूर पर स्थित सुल्तानपुर खास मजरे में स्थित बंजारों की बस्ती के पास पहुंचकर रुक गया। पुलिस ने तलाशी ली तो वहां से एक डंडा बरामद किया, जिसमें खून के धब्बे लगे थे। शक के आधार पर पांच बंजारों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां देर रात तक उनसे पूछताछ होती रही।
वर्जन
मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आशंका है कि कच्छा-बनियान गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया। जांच पड़ताल की जा रही है।
-नरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी गंगापार