London School of Economics will research on Maghmela
लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस के अध्यापकाें तथा शोधार्थियों की टीम माघ मेला का अध्ययन करेगी। संस्थान की ओर से इसके लिए इच्छा जताई गई थी। प्रयागराज मेला प्राधिकरण बोर्ड की शनिवार को हुई बैठक में इसे मंजूरी दी गई। भीड़ नियंत्रण, सेनिटेशन, सफाई आदि शोध के मुख्य बिंदु होंगे।
संस्थान की ओर से शोध रिपोर्ट का चीन तथा अन्य देशाें में भी प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही इसे पाठ्यक्रम में शामिल करने की भी तैयारी है। बैठक में माघ मेला की तैयारियों की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल ने मेला प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत किसी तरह का निर्माण नहीं करने के निर्देश दिए। माघ मेला में भी श्रद्धालुओं को कुंभ जैसी सुविधाएं मुहैया कराने का निर्णय लिया गया। मंडलायुक्त ने परेड से अतिक्रमण हटाने के लिए सिविल तथा सेना के बीच समन्वय बनाने की बात कही। सुरक्षा कर्मियों, जल पुलिस, गोताखोरों की तैनाती का निर्देश दिया। बैठक में शौचालयों के निर्माण तथा सफाई व्यवस्था पर ज्यादा जोर रहा।
मंडलायुक्त ने स्वास्थ्य, बिजली, सड़क आदि विभागों की मेला से संबंधित तैयारी की भी जानकारी ली। उन्होंने परेड क्षेत्र में छावनी परिषद के अंतर्गत संचालित पार्किंग व्यवस्था के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। इसके लिए उन्होंने छावनी परिषद को प्रस्ताव भेजने के लिए कहा। बैठक में डीआईजी केपी सिंह, डीएम भानु चंद्र गोस्वामी, मेलाधिकारी विजय किरन आनंद, एसएसपी सत्यार्थ अनिरूद्ध पंकज, नगर आयुक्त डॉ. उज्जवल कुमार, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष टीके शिबू आदि मौजूद रहे।
पेंट की गईं दीवारों पर पोस्टर लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
पेंट माई सिटी योजना के तहत पेंट की गईं दीवारों पर पोस्टर लगाने वालों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। मंडलायुक्त ने ऐसे लोगाें पर कार्रवाई का आदेश दिया है। कई जगहों पर पेंट की गई दीवारों पर पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं। मेला प्राधिकरण बोर्ड की बैठक में भी यह मुद्दा उठा। मंडलायुक्त ने तत्काल पोस्टर हटवाने का आदेश दिया। साथ ही कहा कि आगे से पोस्टर लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
सरकारी योजनाओं के पात्रों का होगा पंजीकरण
माघ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। कैंप लगाकर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, सुरक्षा बीमा योजना के पात्रों का पंजीकरण भी किया जाएगा।