डीएम, सीडीओ ने नामांकन की देखी तैयारी
फूलपुर एवं इलाहाबाद लोकसभा सीट के लिए सोमवार से नामांकन शुरू होगा। फूलपुर के लिए डीएम न्यायालय तथा इलाहाबाद सीट के लिए सीआरओ न्यायालय कक्ष में नामांकन होंगे। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन कक्षों के आगे शनिवार को ही बेरिकेडिंग कर दी गई है। कलेक्ट्रेट के सामने डिवाइडर पर भी बेरिकेडिंग की गई है। नामांकन के मद्देनजर अन्य तैयारियों भी की जा रही हैं। डीएम नवनीत सिंह चहल, सीडीओ गौरव कुमार समेत अन्य अफसरों ने शनिवार को नामांकन स्थलों का निरीक्षण किया एवं जरूरी निर्देश दिए।
आज आएंगे प्रेक्षक, माइक्रो ऑब्जर्वर को दी गई जानकारी
इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत मेजा, करछना और इलाहाबाद दक्षिणी विधानसभाओं के लिए निर्वाचक प्रेक्षक बनाए गए 2005 के आईआरएस रविकांत गुप्ता रविवार को आ जाएंगे। वहीं शेष दो विधानसभाओं बारा एवं कोरांव के लिए प्रेक्षक बनाए गए 2007 बैच के आईआरएस बी.नवीन कुमार सोमवार को आएंगे और दो मई को वापस होंगे। शनिवार को माइक्रो ऑब्जर्वर को प्रशिक्षण भी दिया गया। कुल 176 बूथों पर माइक्रो ऑब्जर्वर निगरानी रहेंगे। इसके लिए 224 ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं।
चुनाव खर्चे पर निगरानी के लिए खुला कंट्रोल रूम
लोकसभा चुनाव में खर्च पर निगरानी तथा व्यय संबंधी शिकायतों की सुनवाई के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया है। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कोषागार में खुले शिकायत अनुवीक्षण नियंत्रण कक्ष एवं काल सेंटर के फोन नंबर 0532 2990390, 0532 2990391 तथा 0532 2990392 हैं। मुख्य कोषाधिकारी प्रत्यूष कुमार ने बताया कि इन नंबरों पर निर्वाचन व्यय संबंधी भ्रष्ट आचरण की शिकायत की जा सकती है।