विधानसभा क्षेत्रों में प्रतापगढ़ के कुंडा व बाबागंज: कौशाम्बी संसदीय सीट में जिले की मंझनपुर, सिराथू, चायल के अलावा पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ की कुंडा और बाबागंज विधानसभाएं शामिल हैं। कुंडा व बाबागंज निर्दलीय विधायक एवं जनसत्ता दल के संस्थापक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के प्रभाव वाली मानी जाती हैं। दो दशक में देखा गया कि राजा भैया ने जिस उम्मीदवार पर हाथ रखा चुनाव में विजय उसी की हुई। इस बार उन्होंने अपनी खुद की पार्टी जनसत्ता दल से सपा के पूर्व सांसद शैलेंद्र कुमार को चुनावी समर में उतारा है।
साख का सवाल: बसपा छोड़कर सपा में शामिल हुए सदर से चार बार विधायक और दो बार मंत्री रहे इंद्रजीत सरोज को गठबंधन के साथ ही अपने कार्यों एवं जातीय समीकरणों पर पूरा भरोसा है। दूसरी तरफ भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर मोदी मैजिक के साथ पार्टी की नीतियों, रणनीतियों के साथ कट्टर भाजपाइयों का भरोसा है।
मोदी के आने पर बदलेगी फिजा: भाजपा पीएम मोदी की कौशाम्बी में चुनावी सभा कराकर माहौल बदलने को तैयार है। प्रारंभिक तैयारियां हो चुकी हैं। मई के पहले हफ्ते में पीएम मोदी वहां आएंगे। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद सभा तो कर ही रहे हैं। गांव जवार के लोगों को जोड़ने के लिए समर्थकों के भरोसे हैं। मंगलवार को पूर्व सीएम और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में सभा कर चुके हैं।