दो घंटे लग गए चौफटका से मुंडेरा पहुंचने में
श्रीधर शर्मा करछना स्थित मतदान केंद्र पर ड्यूटी में लगे थे। उन्होंने बताया कि शाम सात बजे के करीब वह अपनी पोलिंग पार्टी के साथ मुंडेरा मंडी जाने के लिए रवाना हुए। शाम सात बजे तक वह चौफटका पहुंच चुके थे। लेकिन यहां से मुंडेरा मंडी तक पहुंचने में उन्हें करीब दो घंटे का समय लग गया। जाम में फंसने वालों में फूलपुर से आए विनोद रजक भी थे।
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी व उमस में दो घंटे से ज्यादा समय बस में गुजर गया। एक साथी को चक्कर भी आने लगे। इसी तरह औद्योगिक क्षेत्र स्थित मतदान केंद्र से ईवीएम लेकर आ रहे जीतेंद्र प्रजापति व उनके साथी सुमित कुमार सोनकर भी नेहरू ग्राम के पास जाम में फंसे मिले।बताया कि करीब 1.30 घंटे से जाम में फंसे हैं।
पसीने से हो गए तरबतर, आने लगा चक्कर
मुंडेरा मंडी तक पहुंचने में जद्दोजहद के बाद मतकर्मियों को ईवीएम जमा करने में भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। एक साथ बड़ी संख्या में ईवीएम पहुंचने से इन्हें जमा करने के काम की गति भी धीमी हो गई। उधर भीषण गर्मी में मतकर्मी पसीने से तरबतर तो हो ही गए, कुछ को चक्कर भी आने लगे। साथी कर्मचारियों ने किसी तरह उन्हें संभाला।