जंक्शन परिसर में शुक्रवार शाम एक आरपीएफ एसआई की कार की टक्कर लोको पायलट की स्कूटी से हो गई। इसके बाद दोनों में खूब बहस हुई। मामला बढ़ता देख वहां अन्य लोको पायलट भी पहुंच गए और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि सभी पायलटों ने एसआई को घेर हमला बोल दिया। इस दौरान एसआई की वर्दी फट गई और उसे चोट भी लगी। मामले की जानकारी मिलते ही आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट ने इसकी जानकारी डीआरएम को दी।
डीआरएम अमिताभ ने इस मामले में लोको पायलट आरके शेखरी को निलंबित कर दिया। यह भी कहा कि शनिवार को दोनों पक्ष से वह बातचीत करेंगे। उधर, लोको पायलट के खिलाफ हुई कार्रवाई के विरोध में नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन के पदाधिकारियों ने डीजल लॉबी पर रात नौ बजे के आसपास प्रदर्शन किया। इस दौरान एके सिंह, एसके सिंह, आशुतोष, अरविंद पांडेय, पंकज मालवीय आदि मौजूद रहे।