प्रयागराज। लॉकडाउन के बाद जिले में अवैध असलहों की तस्करी तेजी से बढ़ गई है। बदमाशों के पास से बड़ी संख्या में की गई बरामदगी इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर 88 अवैध असलहे बरामद किए हैं। पुलिस की नजर अब अवैध असलहों की तस्करी करने वालों पर है।
ऑपरेशन पाताल के नाम से चले चार दिन के अभियान के दौरान जिले में कुल 96 अभियुक्त अवैध असलहों संग पकड़े गए। इनके कब्जे से 86 तमंचे, एक रिवॉल्वर व एक पिस्टल के अलावा 122 कारतूस व 52 बम बरामद किए गए। इससे यह भी माना जा रहा है कि लॉकडाउन के बाद से जिले में अवैध असलहों की तस्करी तेजी से बढ़ी है। इतनी बड़ी मात्रा में असलहों की बरामदगी से साफ है कि लॉकडाउन के बाद तस्करों की सक्रियता बढ़ी है। एसएसपी अभिषेक दीक्षित का कहना है कि अवैध असलहों की धरपकड़ के लिए ही उन्होंने विशेष अभियान चलाया। सभी थानों की पुलिस को निर्देशित किया गया है कि अवैध असलहों की तस्करी में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई करें।
कार्रवाई में नाकामी पड़ेगी भारी
एसएसपी ने शुक्रवार को ऑपरेशन पाताल के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसमें एसपी यमुनापार चके्रश मिश्रा भी शामिल रहे। उधर अपेक्षित कार्रवाई में नाकाम रहने वालों की भी स्क्रूटनी शुरू हो गई है। एसएसपी का कहना है कि उन पर कार्रवाई की जाएगी।