इलाहाबाद। ‘लक्ष्य-2015’ में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे एमएनएनआईटी के निदेशक प्रोफेसर पी.चक्रवर्ती ने छात्र-छात्राओं को अच्छे कॅरियर की राह दिखाने के साथ सफलता के टिप्स दिए। कहा, इंजीनियरिंग, मेडिकल के अलावा, जनसंचार, मीडिया, हॉस्पिलिटी, एनिमेशन समेत ढेरों विकल्प हैं। इन सभी क्षेत्रों में कॅरियर को संवारा जा सकता है। किसी दबाव में नहीं बल्कि, खुद की रुचि और योग्यता को ध्यान में कॅरियर का चुनाव करना चाहिए। कॅरियर का निर्धारण खुद करें और उसमें पूरे मनोयोग से जुट जाएं।
सफलता जरूर मिलेगी। संपादक डॉ.सचिन शर्मा ने कहा कि अब गणित और अंग्रेजी ही सफलता के मानक नहीं रह गए हैं। अन्य विषयों में विशेषज्ञता रखने वाले विद्यार्थी भी मंजिल हासिल कर रहे हैं। पहले से चीजें काफी आसान हुईं हैं। पहले नौकरी के सीमित अवसर थे लेकिन अब ढेरों विकल्प है। बस उसमें पूरी लगन से लगने की जरूरत है।
एजुकेशन एक्सपो में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को ‘गुरु प्रणाम’ के तहत सम्मानित किया गया। इसमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग के प्रोफेसर योगेश्वर तिवारी, विधि विभाग के प्रोफेसर आरके चौबे, सीएमपी डिग्री कालेज के समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष डॉ.हेमलता श्रीवास्तव और राजकीय पीजी कालेज सैदाबाद के जंतु विज्ञान विभाग के डॉ.एके वर्मा शामिल हैं। इन्हें मुख्य अतिथि प्रोफेसर पी.चक्रवर्ती ने प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इससे पहले सभी का अमर उजाला परिवार की ओर से बुके देकर स्वागत किया गया।