इलाहाबाद। कीडगंज के पुराना बैरहना में अपने चाचा के घर बाहर खड़े एलआईसी एजेंट को सफारी सवार लहूलुहान कर उठा ले गए। रविवार रात एलआईसी एजेंट के सरेशाम अपहरण से पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। कंट्रोल रूम की सूचना पर कीडगंज इंस्पेक्टर, चौकी प्रभारी बैरहना और सीओ ने घेरेबंदी की। लगभग एक घंटे बाद पुलिस ने सफारी समेत एलआईसी एजेंट को बरामद कर लिया। पुलिस एलआईसी एजेंट की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन कर रही है।
नैनी के गंगोत्री नगर मोहल्ले अरविंद कुमार शर्मा एलआईसी एजेंट हैं। वह शाम को अपने चाचा शिक्षक रमाशंकर के घर आए थे। वह रात में लगभग सात बजे चाचा के घर के बाहर खड़े थे। तभी सफारी गाड़ी से तीन युवक आए और अरविंद पर टूट पड़े। लात घूंसों और राड से अरविंद को जमकर पीटा। अरविंद खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। सफारी सवार लहूलुहान अरविंद को सफारी ठूंस कर ले गए। सरेशाम सड़क से युवक को अगवा कर ले जाते देख मोहल्ले में खलबली मच गई। अपहरण करने वालों के तेवर देख किसी ने उस वक्त कुछ नहीं कहा।
रमाशंकर के परिवार में तो कोहराम मच गया। अपहरण की सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गई। जगह-जगह घेरेबंदी कर संदिग्ध सफारी को चेक किया जाने लगा। इंस्पेक्टर कीडगंज पीएन मिश्र, चौकी प्रभारी राकेश तिवारी मौके पर पहुंचे। परिजनों से बदमाशों का हुलिया और नाम पता पूछने के बाद खोजबीन करने लगे। रात लगभग आठ बजे पुलिस ने सीएमपी डॉट पुल के पास से एक संदिग्ध सफारी को रोक तलाशी ली तो उसमें एलआईसी एजेंट मिल गया। सफारी में सवार सोहबतिया बाग के कोचिंग संचालक अमित शुक्ला, इंद्रभूषण उर्फ प्रकाश सिंह और तुलाराम बाग के राहुल उर्फ गौरव को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि कोचिंग संचालक अमित से एलआईसी एजेंट अरविंद का 30 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद है। कीडगंज इंस्पेक्टर पीएन मिश्र ने बताया तहरीर पर अपहरण समेत अन्य धाराओं में मुकदमा लिखकर जांच की जा रही है।