गंगापार के हनुमानगंज इलाके से निकलकर झूंसी में आया जंगली जानवर तेंदुआ पिछले पांच दिनों से आतंक का पर्याय बना हुआ है। अभी तक यह कहा जा रहा था कि तेंदुआ हरिश्चंद्र शोध संस्थान परिसर के भीतर घने जंगल में डेरा जमाए हुए है, लेकिन मंगलवार की रात से उसे झूंसी के गंगातट के किनारे की बस्ती में देखे जाने की चर्चा रही। इसी बीच बुधवार की सुबह गंगा तट के किनारे बने एसटीपी प्लांट के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए की तस्वीर कैद हो गई। वह एसटीपी प्लांट के गेट से होकर आगे जाता हुआ दिखाई दिया है।
घटना की जानकारी बुधवार की सुबह वन विभाग के अधिकारियों को दी गई तो दोबारा उसकी तलाश शुरू की गई। हालांकि देर शाम तक फिर तेंदुए का कोई सुराग नहीं लग सका था। उधर, घनी आबादी के बीच में तेंदुए के देखे जाने से वहां के लोगों में भारी भय व्याप्त है। लोगों ने वन विभाग के अफसरों से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़े जाने की मांग की है।