इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान तीन फरवरी को होगा। इसमें इलाहाबाद, झांसी समेत दस जिलों के शिक्षक मतदाता शामिल होंगे। मतदान के लिए संबंधित शिक्षक वोटरों को शुक्रवार को विशेष आकस्मिक अवकाश दिए जाने के लिए राज्यपाल ने स्वीकृति प्रदान करा दी है। यह आदेश समस्त शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा।
इलाहाबाद में मतदान के लिए 36 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 15 शहर और बाकी 21 बूथ ग्रामीण इलाकों में स्थित हैं। मतदान शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू होगा और शाम चार बजे तक चलेगा। इलाहाबाद में कुल 12904 मतदाता हैं। मतदान के लिए गठित की गईं 36 पोलिंग टीमें बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट परिसर से बूथों के लिए रवाना की गईं। प्रत्येक टीम में एक पीठासीन अधिकारी और चार मतदान कर्मी हैं। राजपत्रित अधिकारियों को ही पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा 36 सेक्टर और नौ जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। शुक्रवार शाम चार बजे मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैलेट बॉक्स पुलिस एवं मजिस्ट्रेट की अभिरक्षा में झांसी भेज दिए जाएंगे, क्योंकि मतगणना छह फरवरी को सुबह आठ बजे से बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज के कोठारी हाल में होनी है।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र कुमार राय ने बताय कि वोटरों को मतदान के लिए को आयोग की ओर से जारी फोटो मतदाता परिचय पत्र प्रस्तुत करना होगा। अगर परिचय पत्र नहीं है तो पहचान साबित करने के लिए विकल्प के तौर पर पासपोर्ट, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान पत्र, शैक्षणिक संस्थाओं की ओर से जारी सेवा पहचान पत्र, विश्वविद्यालय की ओर से जारी डिग्री/डिप्लोमा प्रमाण-पत्र मूल रूप में, राज्य/केन्द्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों या अन्य निजी औद्योगिक घरानों की ओर से अपने कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान, एमपी/एमएलए/एमएलसी को जारी शासकीय पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा और इन विकल्पों को दिखाकर मतदान किया जा सकेगा।
शिक्षक विधायक निर्वाचन के लिए नामित 14 पीठासीन अधिकारियों के ट्रेनिंग में न आने और न ही अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने पर पीठासीन अधिकारियोें का वेतन रोकते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है। यह जानकारी मुख्य विकास अधिकारी आंद्रा वामसी ने दी।