प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से प्रवक्ता हिंदी और टीजीटी हिंदी के साक्षात्कार 6 से 16 नवंबर के बीच होंगे। चयन बोर्ड की बैठक के बाद जारी पत्र में कहा गया कि हिंदी प्रवक्ता का साक्षात्कार छह से 10 नवंबर और टीजीटी हिंदी का साक्षात्कार 10 से 16 नवंबर के बीच आयोजित होगा।
उप सचिव नवल किशोर ने बताया कि एक एवं दो फरवरी 2019 तथा आठ एवं नौ मार्च 2019 को हुई प्रवक्ता एवं टीजीटी हिंदी की परीक्षा के परिणाम 25 अक्तूबर 2019 एवं 26 नवंबर 2019 को घोषित किए गए थे। अब इनके साक्षात्कार दो पालियों में होंगे। पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों को नौ बजे से और दूसरी पाली के लिए एक बजे से चयन बोर्ड कार्यालय में रिपोर्ट करना होगा। पहली पाली के अभ्यर्थी अधिकतम 12 बजे और दूसरी पाली के अभ्यर्थी अधिकतम चार बजे तक रिपोर्ट कर सकते हैं। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए कोविड-19 के मानकों का पालन करना होगा।