त्रिधारा नाट्य महोत्सव के तहतशनिवार को नाटक जहर का मंचनकरते कलाकार। अमर उजाला
- फोटो : shiv tripathi
एक ग्राहक दुकानदार के पास पहुंचता है और पत्नी के लिए जहर मांगता है। दुकानदार वजह जानना चाहता है तो दोनों के बीच बातचीत शुरू होती है। पहले हल्के-फुल्के अंदाज में आगे बढ़ती यह बातचीत धीरे-धीरे रिश्तों की कड़वाहट, मन के द्वंद्व और टूटती संवेदनाओं की कहानी बयां करने लगती है।
शनिवार को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के प्रेक्षागृह में त्रिधारा नाट्य महोत्सव की पहली शाम बैकस्टेज संस्था की ओर से नाटक ‘जहर’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। भारतीय सांस्कृतिक केंद्र की ओर से आयोजित महोत्सव का उद्घाटन पूर्व संस्कृति मंत्री सुभाष पांडेय, पंकज सोनी, अरूप पांडेय और निर्देशक प्रवीण शेखर ने किया।
पंकज सोनी लिखित और प्रवीण शेखर निर्देशित नाटक में ग्राहक और दुकानदार के संवादों के माध्यम से वैवाहिक जीवन की उलझनों और रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट को सामने रखा गया। कहानी आगे बढ़ने के साथ दर्शकों के सामने यह सवाल भी खड़ा हुआ कि असली जहर आखिर कहां है, बोतल में, परिस्थितियों में या इंसान के भीतर।
केमिस्ट की भूमिका में सतीश तिवारी और ग्राहक के किरदार में अमर सिंह ने सहज अभिनय से पात्रों के अंतर्द्वंद्व को जीवंत किया। दोनों कलाकारों के संवाद और भाव-भंगिमाओं ने प्रस्तुति को प्रभावी बनाया। अमर सिंह ने संगीत रचना की, जबकि टोनी सिंह ने प्रकाश योजना तैयार की। नाटक के सहयोगी निर्देशन अमर सिंह रहे। नेपथ्य सहयोग दिलीप श्रीवास्तव, चाहत जायसवाल, उपासना तिवारी, कुमार सानू, दुर्गेश गुप्ता, आरोही सिंह, राघवेंद्र सिंह और मोहित कुमार मिश्रा ने किया। प्रस्तुति नियंत्रक आलोक सिंह रहे।