प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सामने बृहस्पतिवार को बेरोजगारी दिवस मनाने पहुंचे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और कांग्रेसियों ने पुलिस ने लाठियां बरसा दीं। उन्हें विरोध प्रदर्शन करने से रोक दिया गया और 40 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। शाम सात बजे निजी मुचलके पर पुलिस लाइन से रिहा होते ही एनएसयूआई कार्यकर्ता सीधे सलोरी डेलीगेसी पहुंचे और बेरोजगारी के खिलाफ जुलूस निकाला।
एनएसयूआई के नेतृत्व में बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे आयोग के सामने विरोध प्रदर्शन होना था। रिक्त पदों पर भर्ती की मांग और संविदा भर्ती का प्रस्ताव वापस लिए जाने की मांग के साथ कार्यकर्ता जैसे ही आयोग पहुंचे, पुलिस लाठियां पटकते हुए उनके पीछे दौड़ पड़ी। एक घंटे के बाद सभी कार्यकर्ता पत्रिका चौराहे पर इकट्ठा हुए। उन्होंने आयोग के सामने पकौड़ा तलकर विरोध दर्ज कराने की तैयारी की। कार्यकर्ता अपने साथ ठेला, गैस सिलेंडर, चूल्हा आदि लेकर दोबारा आयोग की तरफ चल पड़े, लेकिन वहां पहुंचते ही पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसा दीं और अफरातफरी मच गई। पुलिस ने प्रदर्शन के लिए लाया गया सामान भी छीन लिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता मामूली रूप से घायल हो गए।
मौके से एनएसयूआई पूर्वी यूपी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, पूर्वी यूपी प्रभारी अविनाश कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राम किशुन पटेल, शहर अध्यक्ष नफीस अनवर समेत विवेकानंद पाठक, संजय तिवारी, सुरेश यादव, जितेश मिश्र, अक्षय क्रांतिवीर, शेष नारायण ओझा, सत्यम कुशवाहा, जितेंद्र तिवारी, हरिकेश हैरी, शशांक शर्मा, ओपी दुबे, सिब्तैन बबलू, चांद कुरैशी, अभिषेक द्विवेदी, अश्विनी कुमार समेत 40 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। शाम सात बजे सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस लाइंस से छूटते ही अखिलेश यादव के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ता ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के सामने इकट्ठा होने लगे। डेलीगेसी में रहने वाले तमाम युवा भी इस भीड़ में शामिल हो गए। करीब रात आठ बजे सलेारी डेलीगेसी में डफली और ढोलक बजाते हुए जुलूस निकला गया। इस दौरान भी एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
पूर्वी यूपी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि देश में रोजगार की हालत बदतर हो चुकी है। सरकारी नौकरी में पांच साल की संविदा पर नियुक्ति की जा रही है, पीसीएस जैसी प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में स्केलिंग हटाकर प्रदेश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। भर्ती परीक्षा के विज्ञापन के विपरीत जाकर आरओ/एआरओ-2016 की परीक्षा में माइनस मार्किंग लागू की जा रही है। सरकार और भर्ती संस्थाओं की इस मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूर्व उपाध्यक्ष ने बेचे पकौड़े
प्रयागराज। तेजी से कम हो रहे रोजगार के अवसर और संविदा पर भर्ती के प्रस्ताव के विरोध में पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष अदील हमजा ने कटरा में पकौड़े बेचकर अपना विरोध दर्ज कराया। हमजा ने कहा कि सरकार संविद पर भर्ती करके और रोजगार के अवसर घटाकर छात्रों को पकौड़ा बेचने के लिए मजबूर कर रही है। इस मौके पर शिवबली, राहुल पटेल आदि मौजूद रहे।
सीएमपी के छात्रों ने लगाया सब्जी का ठेका
प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन पर सीएमपी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मोहम्मद राशिद के नेतृत्व में कॉलेज के छात्रों ने सब्जी का ठेला लगाकर और पकौड़े तलकर बेरोजगार दिवस मनाया। इसमें आकाश, अक्कू, सुहैल, सवील अहमद, मुरारी यादव, शाश्वत यादव आदि शामिल रहे।
रिक्शा चलाकर दर्ज कराया विरोध
प्रयागराज। समाजवादी छात्रसभा के बैनर तले छात्रों ने बृहस्पतिवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन के बाहर रिक्शा चलाकर अपना विरोध दर्ज कराया और बेरोजगारी दिवस मनाया। इसमें समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अखिलेश गुप्ता, राघवेंद्र यादव, नेहा यादव, अदील हमजा, अविनाश विद्यार्थी, अरविंद रोज, चौधरी संदीप आदि शामिल रहे।
अनशनकारी छात्रों ने की लाठीचार्ज की निंदा
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली के लिए आमरण अनशन पर बैठे छात्रों ने बृहस्पतिवार को बालसन चौराहा और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सामने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की। अनशन स्थल पर छात्र नेता अजय यादव सम्राट, मोहम्मद मुब्बसिर, नवनीत यादव, सुशील कुशवाहा, अहमर इलियास, अभिषेक प्रधान, यशवंत यादव, रजनीश आदि मौजूद रहे।