जेठवारा मार्ग पर अब रात के समय पसरे अंधेरे की समस्या खत्म होने जा रही है। नगर विकास विभाग की की ओर से स्वीकृत आदर्श नगर योजना के अंतर्गत पुलिस बूथ तिराहा से टाउन एरिया की सीमा निंदूरा नहर, (मलंग की तकिया मोड़) तक दोनों पटरियों पर स्ट्रीट एलईडी लाइटें लगाने का कार्य अंतिम रूप ले रहा है। करीब तीन किलोमीटर की दूरी में लगभग दो करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 290 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं।
नगर पंचायत क्षेत्र के जेठवारा मार्ग की तस्वीर बदलने वाली है। लंबे समय से इस मार्ग पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता था। विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने से रेलवे फाटक के पार करीब दो किलोमीटर तक पसरा रहने वाला अंधेरा अब दूर हो जाएगा। खासकर जेठवारा मार्ग पर नई एलईडी लाइटों के लग जाने से नगर क्षेत्र के साथ सीमावर्ती गांवों से आने-जाने वाले हजारों राहगीरों व वाहन चालकों को सहूलियत मिलेगी।
- लालगोपालगंज को आदर्श, स्वच्छ एवं सुरक्षित नगर बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस योजना के पूर्ण होने से नागरिकों को रात में आवागमन में कोई असुविधा और कस्बे का सौंदर्यीकरण होगा।- मुख्तार अहमद, अध्यक्ष प्रतिनिधि, नगर पंचायत लालगोपालगंज।
- आदर्श नगर योजना के तहत लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से 290 एलईडी लाइटें लगवाई जा रही हैं। ठेेकेदार को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। - पद्मजा मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत लालगोपालगंज।
- लंबे समय से इस मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश की मांग की जा रही थी। लाइटें लगने से लोगों को राहत मिलेगी। मलंग की तकिया तक इसका विस्तार कराना आवश्यक है। - अमर बहादुर यादव, सभासद वार्ड-4।
- जेठवारा मार्ग पर अंधेरे के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का डर बना रहता था। नगर पंचायत का यह कदम सुरक्षा की दृष्टि से सराहनीय है। -संतोष मिश्र, समाजसेवी।
- निंदूरा नहर से गांव तक अंधेरा होने के कारण शाम होते ही सन्नाटा छा जाता था। यहां स्ट्रीट लाइट की बहुत जरूरत थी। रोशनी होने से चहलपहल बढ़ेगी।- शकील अहमद फारूकी, प्रधानाचार्य