नैनी निवासी नीलम ने जिला महिला चिकित्सालय में दिवाली पर सुबह करीब 11:30 बजे एक बेटी को जन्म दिया। इसके साथ ही उनकी व उनके पति मुकेश की चाहत पूरी हो गई। परिजनों को इसकी खबर मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पिता मुकेश ने कहा कि बेटी का नाम दीपांजलि रखेंगे।
सोमवार को शहर के जिला महिला चिकित्सालय में तीन और स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में एक बच्ची का जन्म हुआ। दिवाली के मौके पर जन्मीं बेटियों की किलकारी जैसे ही अस्पताल में गूंजी तो परिजनों के साथ ही चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई। परिजनों ने बेटियों को मां लक्ष्मी का रूप मानकर इनका नाम लक्ष्मी, दीपांजलि और नारायणी रखा।
प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुनीता सागर और मैट्रिन सुनीता अंसारी ने सभी का मुंह मीठा कराकर खुशी का इजहार किया। जिला अस्पताल में नीलम के अलावा मिर्जापुर की रिंकी ने दोपहर करीब 2:22 बजे और एसआरएन अस्पताल में कौंधियारा निवासी महिला सहित एक अन्य ने दिवाली के मौके पर बेटी को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ हैं। इनमें से दो को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और दो अन्य को तीन-चार दिन में घर भेज दिया जाएगा।
-
दिवाली पर हमारे अस्पताल में तीन बेटियों का जन्म हुआ। इससे परिजन काफी खुश हैं। वहीं सभी जच्चा-बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ हैं। इनमें दो को अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है।
- डॉ. सुनीता सागर, प्रमुख अधीक्षक, डफरिन अस्पताल