फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kumbh Mela 2019: सड़क पर उतरे संत, तीन घंटे धरना-प्रदर्शन, सुविधा, राशन नहीं मिलने से नाराजगी

Thu, 31 Jan 2019 12:12 AM IST
shubham न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
स्वामी पंच्चानन गिरि
विज्ञापन

Kumbh मेले में राशनकार्ड और परमिट जारी करने में की जा रही टालमटोल संत-महात्माओं की नाराजगी का कारण बन रही है। बुधवार को जूना अखाड़े के स्वामी पंच्चानन गिरि की अगुवाई में संत सड़क पर उतर आए। सेक्टर 16 में धरना-प्रदर्शन किया। राशन वितरण और सुविधा आवंटन में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। बाद में अखाड़ा परिषद के स्वामी हरिगिरि की मध्यस्थता में अफसरों संग हुई बैठक के बाद संत माने। 

विज्ञापन


मेला क्षेत्र के सेक्टर 16 में जूना अखाड़े के दिल्ली दरबार के सामने धरने पर बैठे साधु-संतों की हुंकार से मेला व्यवस्था से जुड़े अफसर सक्रिय हो गए। मिन्नतों के बाद भी संत बात करने को तैयार नहीं हुए। जगद्गुरु स्वामी पंच्चानन गिरि के साथ अन्य संतों ने आरोप लगाया कि कुंभ में हर तरफ भ्रष्टाचार व्याप्त है। नल, बिजली, शौचालय आदि सुविधाओं के एवज में ठेकेदार हजारों रुपये वसूल रहे हैं।

स्वामी पंच्चानन गिरि ने आरोप लगाया कि राशन कार्ड और परमिट जारी करने में अनियमितता की जा रही है। आधार कार्ड, वोटर आईडी के मांगकर सप्लाई विभाग के अफसर संत-महात्माओं के साथ टालमटोल कर रहे हैं। दो स्नान पर्व बीत गए तीसरा आने वाला है, लेकिन आदेश जारी होने के बाद भी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। शौचालय के लिए पांच से छह हजार, नल की टोटी के लिए दो-दो हजार रुपये की मांग की जा रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

अब तक बने सिर्फ 42 हजार राशनकार्ड

जूना अखाड़े के पंच्चानन गिरि ने कहा कि कुंभ मेला वीआईपी हो गया है। साधु-संतों और कल्पवासियों की सुविधाओं का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। बिना सूचना के पांटून पुल पर आवागमन रोक दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अव्यवस्था के बाद भी सरकार चुप है, यह संदेह का कारण है। 

उधर, संत-महात्माओं के धरना प्रदर्शन से सेक्टर 16 में जाम की स्थिति रही। मौके पर अफसरों की सूचना पर अखाड़ा परिषद के स्वामी हरि गिरी महाराज ने अपने शिविर में अफसरों और पंच्चानन गिरि आदि को बुलाकर वार्ता कराई। अव्यवस्था दूर करने की सहमति पर संत माने। 

कुंभ मेलाधिकारी  विजय किरन आनंद ने बताया कि, कुंभ में करीब छह हजार संस्थाओं को सुविधाएं दी गई हैं। स्वामी पंचानन गिरि की शिकायत पर जांच कराएंगे। अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि सुविधाओं और राशनकार्ड, परमिट आवेदन मिलते ही जारी किए जाएं। मेले में व्यवधान उत्पन्न करने वाली संस्थाओं को भी चिह्नित किया जाएगा। 

कुंभ मेला क्षेत्र में बुधवार तक 42000 राशनकार्ड जारी किए गए। जिला पूर्ति अधिकारी ओम उपाध्याय ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बड़ी संस्थाओं के आवेदन पर परमिट जारी किए जा रहे हैं। मेले में पांच लाख से अधिक कल्पवासी पहुंच चुके है, ऐसे में संस्थाओं को छोड़ दें तो भी राशनकार्ड जारी करने की प्रक्रिया संतोषजनक नहीं है। उधर मेलाधिकारी विजय किरन आनंद का कहना है कि राशनकार्ड का बैगलॉग नहीं है, आवेदन के साथ ही कार्ड जारी किए जा रहे हैं। आवेदन करने के साथ ही राशनकार्ड जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। राशन वितरण की फूलप्रूफ व्यवस्था की गई है। परमिट के मुताबिक आवंटित राशन शिविरों तक पहुंचाया जा रहा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें