विदेशी प्रतिनिधिमंडल संग पाकिस्तान के सांसद रमेश कुमार वंकवानी ने भी संगम स्नान और अक्षयवट के दर्शन किए। वह पाक पीएम इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ से सांसद हैं। आयोजन और जगह-जगह स्वागत से वह अभिभूत दिखे। उन्होंने भव्य आयोजन के लिए सरकार को बधाई दी। उनका कहना था कि वह पहले भी भारत आ चुके हैं लेकिन, सरकार की ओर से पहली बार आमंत्रित किया गया।
पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच बने तनाव की बाबत उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात कर शांति का प्रयास करेंगे। वहीं, उन्हें आमंत्रित करने के सवाल पर कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह का कहना था कि वह हिंदू हैं। रमेश पाकिस्तानी नागरिक के साथ हिंदी सिंधी समाज के अध्यक्ष भी हैं और कोई हिंदू संगम स्नान करना चाहें तो उसे यहां आने से कैसे रोका जा सकता है।
सिद्धार्थनाथ कहना था कि पाकिस्तान में वैसे भी हिंदू प्रताड़ित हैं। ऐसे में वहां के हिंदुओं को भारत में नहीं आने दिया जाएगा तो कहां जाएंगे। हालांकि, सिद्धार्थनाथ सिंह को रमेश के इमरान की पार्टी से सांसद होने की जानकारी नहीं थी। विदेशी प्रतिनिधियों की अगुवाई कर रहे केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल विक्रम सिंह ने पुलवामा में हुए आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान पर तीखा प्रहार किया। नदियों का जल रोके जाने के भारत सरकार के फैसले का उन्होंने स्वागत किया। उन्होंने कहा, ‘इंतजार कीजिए। हर काम का उचित समय होता है। सही समय पर पाकिस्तान और आतंकवादियों को कड़ा संदेश दिया जाएगा।