फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौनी अमावस्या स्नान: आस्था के जनसमुद्र में टूटे तटबंध, 5 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

Mon, 04 Feb 2019 07:23 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
1 of 6
न कोई ओर न छोर। सहसा सबकुछ ठहर सा गया। चहुंदिश सिर्फ सिर ही सिर। विश्व के सबसे बड़े सांस्कृतिक समागम में कुंभ के दूसरे स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर ऐसा ही दृश्य था। पावन त्रिवेणी तट पर आस्था का ऐसा जनसमुद्र पहले नहीं देखा गया था।

भक्ति भाव की लहरों में सारे तटबंध टूट गए। जल, थल, नभ से कड़ी निगरानी के बीच मौनी अमावस्या की दिन रात डुबकी लगती रही। कुंभ मेला प्रशासन के अनुसार शाम तक देश-दुनिया के हर कोने के पहुंचे पांच करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम समेत 41 घाटों पर पुण्य की डुबकी लगाई।

भीड़ की वापसी होने के साथ ही रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों के बाहर लाखों की तादाद में श्रद्धालुओं के पहुंचने से तीर्थराज प्रयाग के मुख्य मार्गों पर यातायात ठहर सा गया है।
विज्ञापन

2 of 6
mauni amavasya
पंटून पुलों पर आधी रात के बाद से संगम समेत अरैल से फाफामऊ के बीच बने घाटों पर उमड़ी ठसाठस भीड़ के बीच मौनी अमावस्या का स्नान शुरू हुआ। पंटून पुलों पर लंबी कतारें फाफामऊ से अरैल के बीच आठ किमी लंबे संगम तट के घाटों पर तिल-तिल कर बढ़ती-उतरती रहीं। अखाड़ों के शाही स्नान के समय भोर में पांटून पुल नंबर-एक अक्षयवट और काली मार्ग के पुल पर यातायात रोके और छोड़े जाने से स्थिति असहज होने लगी, लेकिन ईश्वर की कृपा से सब कुछ ठीक रहा।
विज्ञापन

3 of 6
mauni amavasya
मंगलकामनाओं, मनौतियों और दान-पुण्य की परंपराओं के संगम में बेसुध होकर लोग हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। कहीं भजनों की गूंज उठ रही थी, तो कहीं संतों की टोलियां ढोल, डफली पर रामनाम का संकीर्तन कर आस्था के रंग को और गाढ़ा बना रही थीं। लोग एक दूसरे से संगम की दूरी पूछते बढ़ रहे थे। उसी भीड़ में पुरोहित तिलक-त्रिपुंड भी लगाते रहे और दानपुण्य का भी सिलसिला चलता रहा।
 

4 of 6
mauni amavasya
सुबह छह बजे भीड़ का दबाव बढ़ा तो बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन रोक दिया गया। हर तरफ धक्कामुक्की और ठेलमठेल होता रहा और लोग संगम में पुण्य की डुबकी लगाते रहे। पौ फटने से पहले ही सभी रास्ते पैक हो गए थे। दो पहिया, चार पहिया वाहनों का प्रवेश ठप किए जाने से आठ से 10 किमी तक पैदल चलकर लोगों को संगम पहुंचना पड़ा। फाफामऊ, बख्शीबांध, नागवासुकि, नैनी ब्रिज, अरैल, सोमेश्वर महादेव समेत अन्य जगहों पर आस्था का ज्वार एक समान उमड़ था। 
विज्ञापन

5 of 6
mauni amavasya
अखाड़ों के शाही शाही स्नान में नागाओं की फौज बनी आकर्षण का केंद्र 
प्रयागराज। मौनी अमावस्या के स्नान पर्व पर भस्मी-भभूत पोतकर तरह-तरह के वेश में शाही स्नान के लिए निकले नागाओं की झलक पाने की होड़ मच गई। लाखों की तादाद में लोग बैरीकेडिंग और जाली के पार खड़े होकर नागाओं के शाही स्नान की झलक पाने के लिए बेताब थे। हाथों में तलवार, डमरू, त्रिशूल और सिर पर रुद्राक्ष के मुकुट लगाकर नागा निकले तो संगम का नजारा बदल गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
mauni amavasya
संगम पर संतों-भक्तों पर पुष्पवर्षा
कुंभनगर। संगम पर पुण्य की डुबकी के लिए एक तरफ जहां देश-दुनिया से जन सैलाब उमड़ा, वहीं योगी आदित्यनाथ सरकार ने आतिथ्य सत्कार में कोई कसर नहीं छोड़ी। सुबह आठ बजे के बाद से ही संगम नोज से लेकर अरैल-फाफामऊ के बीच हेलीकॉप्टरों से पुष्पवर्षा शुरू हो गई। देर शाम तक फूलों की बारिश होती रही। 

-5 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के मौनी अमावस्या पर संगम में डुबकी लगाने का अनुमान
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें