मेला क्षेत्र में पकड़ा गया संदिग्ध बांग्लादेशी युवक के खिलाफ अखाड़ा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने बिना पासपोर्ट, वीजा के देश की सीमा में प्रवेश किया। पुलिस का कहना है कि उसके बताए नाम व पते का सत्यापन कराया जाएगा। अखाड़ा थाना क्षेत्र में एक दिन पहले युवक संदिग्ध दशा में घूमता मिला। पुलिस के पूछताछ करने पर उसने खुद को बांग्लादेश निवासी बताया था। इस पर उसे हिरासत में लेकर अखाड़ा थाना ले जाया गया।
यहां मेला सुरक्षा से जुड़े अफसरों के साथ ही आईबी और एलआईयू की टीम भी पहुंची और युवक से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, युवक ने पूछताछ में अपना नाम बबलू राय पुत्र मदन राय निवासी पुरसे बलरामपुर थाना हरदतपुर जिला रंगपुर बांग्लादेश बताया। उसका कहना था कि हरिद्वार के एक संत, जिनको वह अपना गुरु मानता है, वह इन दिनों कुंभ मेला क्षेत्र में आए हैं। उन्हीं के शिविर में जाने के लिए वह यहां आया है। हालांकि जब पुलिस ने उससे पासपोर्ट, वीजा मांगा तो वह इन्हें नहीं दिखा सका।
बताया कि वह चोरी से देश में घुस आया था। पुलिस को इस बात का भी शक था कि वह किसी साजिश के तहत तो यहां नहीं आया। हालांकि देर रात तक चली पूछताछ में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई। इसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। अखाड़ा पुलिस का कहना है कि बिना सक्षम प्रपत्र के देश की सीमा में घुसना दंडनीय अपराध है। इसलिए उसके खिलाफ सीओ एलआईयू कुलदीप सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। फिलहाल वह अपना नाम बबलू बता रहा है लेकिन उसके पास से किसी तरह का ऐसा कोई कागजात नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। ऐसे में अब उसके बताए नाम व पते का सत्यापन कराया जाएगा।