कुंभ के तीसरे स्नान पर्व पर शहर में शटल बसों में सफर करने वाले श्रद्धालुओं से रोडवेज किराया नहीं लेगा। तीन से पांच फरवरी की अवधि में रोडवेज की ओर से कुल 500 शटल बसों का संचालन किया जाएगा। इस दौरान शटल बसें स्नान पर्व पर सिविल लाइंस और हिंदू हॉस्टल तक ही आएंगी। यहीं से इन बसों की वापसी शहर के बाहर बनाए गए अस्थायी बस स्टेशनों के लिए होगी।
इस बीच मौनी अमावस्या को देखते हुए इलाहाबाद जंक्शन, नैनी, इलाहाबाद छिवकी, प्रयाग आने वाली तमाम ट्रेनों में श्रद्धालुओं की शनिवार को खूब भीड़ आई। देर रात तक जंक्शन समेत सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा।
उधर विभिन्न रूटों से आने वाली रोडवेज की बसों में भी श्रद्धालुओं की खूब भीड़ आई। लखनऊ रूट की बसें फाफामऊ में ही रोक लिए जाने से श्रद्धालुओं को दिक्कत हुई। कानपुर रूट की बसें भी दोपहर तक सिविल लाइंस आई, इसके बाद उन्हें नेहरू पार्क से आगे नहीं बढ़ने दिया गया। उधर रोडवेज की ओर से शनिवार से सोमवार तक शटल बसों में सफर करने वाले मुसाफिरों से किराया नहीं लिया जाएगा।