प्रश्न - आपको यूरोप का योग गुरु कहा जाता है।
जवाब - मुस्कराते हुए स्वामी महेश्वरानंद ने कहा कि यह बात सही है कि यूरोप के तमाम देशों में हजारों योग शिविर लगाए हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी मैं श्रेय देता हूं कि उनकी वजह से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अब मनाया जा रहा है। पूरे विश्व में मेरे कुल 35 हजार योग शिविर हैं। हालांकि इसमें से एक भी आश्रम मेरे नाम का नहीं है। सभी जगह मेरे भक्त और समर्थक ही शिविर की देखरेख में जुटे हुए हैं। निश्चित ही विश्व के सभी प्रमुख देशों में अब योग का क्रेज बढ़ा है। आने वाले दिनों में इसका और ज्यादा विस्तार होगा।
प्रश्न - सुना है कि आप बिना वीजा के फ्रांस गए थे।
जवाब - यह बात सही है।1970 में मैं पहली बार भारत से इंग्लैंड गया था। आज मेरी उम्र 73 वर्ष है, उस समय में युवा था। तब भूलवश फ्रांस जा रही एक ट्रेन में बैठ गया था। मेरे पास इंग्लैंड का ही वीजा था। फ्रांस पहुंचने के बाद मुझे वापस इंग्लैंड भेजा गया। निश्चित ही वह दृश्य मैं कभी भूल नहीं सकता। इसी के एक वर्ष बाद मैं पहली बार आस्ट्रिया गया। शुरूआत में वहां मन नहीं लगा, लेकिन धीरे-धीरे लोगों के संपर्क में आने और योग का विस्तार होने के बाद वहीं मैंने एक छोटा आश्रम बना लिया। अब उस आश्रम का काफी विस्तार हो चुका है।
प्रश्न - यूरोप के देशों में पीएम मोदी का क्या क्रेज है।
जवाब - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यूरोप के तमाम देशों में खासा क्रेज है। पीएम बनने के बाद वे यूरोप के तमाम देशों में जा चुके हैं। वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों के साथ गोरे लोगों में भी उनकी खासी लोकप्रियता है। अपने अनुभव के आधार पर कह सकता हूं कि मोदी पूरे विश्व के शीर्ष नेताओं में शुमार हैं। लंबे समय बाद भारत में ऐसा कोई नेता आया है कि जिसका लगातार कद बढ़ता जा रहा है।