महाशिवरात्रि के मद्देनजर शहर में ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था रविवार से लागू हो गई। इसके तहत पर्व पर यानी सोमवार को शहर में दोपहिया वाहनों के संचालन पर भी रोक रहेगी। हालांकि इस व्यवस्था का पालन पुलिस प्रशासन पूरी तरह करा पाएगा, यह लाख टके का सवाल है। स्नानपर्वों पर पहले भी दोपहिया व चार पहिया के संचालन पर रोक के आदेश जारी हो चुके हैं।
इसके बावजूद इस व्यवस्था का पूरी तरह पालन संभव नहीं हो सका। डायवर्जन की अन्य व्यवस्थाओं में भारी कॉमर्शियल वाहनों का प्रवेश रविवार से ही रोक दिया गया। अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को उस रूट पर बनाए गए पार्किंग स्थलों पर ही रोका गया। शाम चार बजे से लखनऊ, प्रतापगढ़ की ओर से आने वाले चार पहिया वाहन बेला कछार में पार्क कराए गए। चार पहिया वाहन नैनी क्षेत्र से लेप्रोसी चैराहे पर ही रोक दिए गए।
झूंसी से चारपहिया वाहन कटका तिराहे पर रोके गए। शहर में चारपहिया वाहनों को रविवार शाम से जवाहर लाल नेहरू रोड पर बालसन चैराहा से आगे जाने से रोक दिया गया। एमजी मार्ग पर सीएमपी डॉटपुल के पास चारपहिया रोके गए। अगले दो दिनों तक पुराने शहर क्षेत्र एवं एमजी मार्ग, जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर आटो रिक्शा/ ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबन्धित कर दिया गया है।