कुंभ मेला ड्यूटी में तैनात एक दरोगा ने माघी पूर्णिमा के दिन इलाहाबाद के सीजेएम मिथिलेश कुमार तिवारी का सरकारी वाहन रोक लिया और उनके साथ बदसलूकी भी की। इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीजेएम ने दरोगा को तलब कर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। सीजेएम मिथिलेश तिवारी 19 फरवरी को सुबह करीब 9:30 बजे मेला क्षेत्र में स्थित न्यायालय जा रहे थे। जीटी जवाहर चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात दरोगा राजेंद्र प्रसाद ने उनका सरकारी वाहन रोक लिया। जब सीजेएम ने बताया कि वह इलाहाबाद और कुंभ मेला के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हैं और पुलिस अधिकारियों के अनुरोध पर ही मेला स्थित न्यायालय में जा रहे हैं तब दरोगा ने उनसे बदसलूकी व अपमानजनक लहजे में अपना वाहन बाहर पार्किंग में खड़ाकर पैदल अंदर जाने के लिए कहा।