जूना और अग्नि के बाद बृहस्पतिवार को पंचदशनाम आवाहन अखाड़े की पेशवाई धूमधाम से निकली जा रही है। नैनी स्थित मड़ौका से खिचड़ी प्रसाद के बाद बैंडबाजा और हाथी, घोड़े, ऊंट तथा नागा संन्यासियों की टोली के साथ पेशवाई सुबह साढ़े दस बजे मुख्यालय से शुरू हो गयी है। पेशवाई नए यमुना पुल से बैरहना और यहां से परेड मैदान, कुंभ मेला दफ्तर के सामने से पांटून पुल होते हुए सेक्टर सोलह स्थित अखाड़े की छावनी में प्रवेश करेगी।
अखाड़े के इष्टदेव सिद्ध गणेश भगवान, देवता सूर्यप्रकाश की अगुवाई में तकरीबन तीन दर्जन से ज्यादा सुसज्जित रथों पर महामंडलेश्वर, श्रीमहंत चल रहे हैं। इसमें मुख्य संरक्षक नीलकंठ गिरि जी सहित महामंडलेश्वर कृष्णानंद पुरी, करुणानंद गिरि, बाल योगेश्वरानंद गिरि, रमतापंच के श्रीमहंत अवधूत गिरि, श्रीमहंत अमरीश भारती, श्रीमहंत रसराज पुरी,श्रीमहंत सोमगिरि, श्रीमहंत कैलाशपुरी, श्रीमहंत पूनम गिरि, श्रीमहंत प्रयागभारती,श्रीमहंत थानापति भानगिरि, श्रीमहंत थानापति मनोहर गिरि सहित बड़ी संख्या में संत, संन्यासी शामिल हैं।
नए पुल पर एक ही लेन से होगा आवागमन, पेशवाई जुलूस के चलते लागू किया गया प्रतिबंध
27 दिसंबर को निकलने वाले पेशवाई जुलूस के चलते बृहस्पतिवार को नैनी में विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। इसके अलावा नए यमुना पुल पर एक ही लेन से वाहनों का आवागमन हो सकेगा। दूसरी लेन जुलूस में शामिल साधु-संतों के वाहन ही जा सकेंगे।
बृहस्पतिवार को श्री पंचदशानन आवाहन अखाड़ा का पेशवाई जुलूस यादव नगर महेवा गांव मड़ौका रोड से निकला। जुलूस डांडी तिराहा से प्रयागराज-रीवा मार्ग, लेप्रेासी चौराहा, नया यमुना ब्रिज होते हुए रेलवे क्रॉसिंग, फोर्ट रोड, त्रिवेणी मार्ग से अखाड़ा शिविर में जाएगा। इसके मद्देनजर रीवा की ओर से आने वाले वाहनों को मामा भांजा तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। पुराने यमुना पुल से एग्रीकल्चर होकर रीवा की ओर जाने वाले वाहनों को खान चौराहे पर रोका जाएगा।
मिर्जापुर की ओर से आने वालों को सड़वा तिराहे से पहले ही रोक दिया जाएगा। जौनपुर-वाराणसी मार्ग से शहर की ओर आने वाले वाहन अंदावा से पहले रोके जाएंगे। यह जानकारी देते हुए एसपी ट्रैफिक कुलदीप सिंंह ने नागरिकों से अपील की है कि वह डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें।