उन्होंने बताया कि गंगा के साथ ही यमुना में भी जल परिवहन सेवा की शुरुआत करने की तैयारी है। पहले आगरा से दिल्ली के बीच जल परिवहन सेवा चालू कराने की योजना थी, लेकिन अब इसे प्रयागराज तक बढ़ाया जा रहा है। डीपीआर भी तैयार कहर लिया गया है। आने वाले समय में लोग प्रयागराज से दिल्ली जलमार्ग से यात्रा कर सकेंगे। इससे सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और लोग सुरक्षित यात्रा कर सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पवित्र संगम में डुबकी लगाई। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्होंने संगम तट पर त्रिवेणी में दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने सविधि पूजा की। पुरोहितों ने रोली,अक्षत, पुष्प से संकल्प कराया। उनके साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी संगम में डुबकी लगाई। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज गंगाराम अहिर भी मौजूद थे। इससे पहले डिप्टी सीएम ने उनकी अगवानी की।
डिप्टी सीएम को दिया जल परिवहन सेवा के विस्तार का श्रेय
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रयागराज-वाराणसी-हल्दिया जल मार्ग सेवा का श्रेय डिप्टी सीएम केशव प्रयाद मौर्य को दिया। उन्होंने बताया कि इस जल परिवहन सेवा की शुरूआत सिर्फ वाराणसी-हल्दिया के ही बीच होनी थी, लेकिन डिप्टी सीएम के आग्रह पर इसे प्रयागराज तक जोड़ा गया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को रीवर पोर्ट के लोकार्पण के बाद गंगा-यमुना में विलुप्त हो रही मछलियों की प्रजातियों के बीजों को छोड़ा। मछलियों के उन्न्त प्रजाति के बीजों को गंगा नदी में छोड़ा। विलुप्त हो रही कटला, रोहू और नैन मछलियों की उन्नति प्रजाति के बीजों को गंगा नदी में छोड़ा।
इन प्रजातियों के 10 हजार से अधिक बीच छोड़े गए। मंत्री ने बताया कि हिल्सा प्रजाति की मछली गंगा से विलुप्त हो गई थी। अब इस मछली के भी स्थानांतरण और प्रजनन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इन मछलियों के प्रजनन से गंगा में प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है।
केंद्रीय सड़क, जल परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को जलपरिवहन सेवा के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से कहा कि संगम में चल रही पुरानी नावों को बदला जाना चाहिए। इसकी जगह फाइवर की आधुनिक नाव और स्टीमर चलवाई जाए।
केंद्रीय मंत्री गडकरी का कहना था कि उन्होंने गंगा-यमुना में जल परिवहन की सौगात दे दी, लेकिन इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार को योजना बनानी चाहिए। उन्होंने डिप्टी सीएम से कहा कि वह फाइव स्टार सुविधा वाले क्रूज प्रयागराज में चलवाएं, ताकि पर्यटन को विस्तार मिल सके।
अवधेशानंद से मिलने पहुंचे गडकरी, केशव
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को जूनापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि का आशीर्वाद लेने उनके शिविर प्रभु प्रेमी संघ में पहुंचे। इस दौरान उन्हें शिविर में स्थापित सोमनाथ मंदिर का दर्शन कराया गया। केंद्रीय मंत्री ने कई मुद्दों पर उनसे चर्चा की।