कुंभ मेले के तीसरे शाही स्नान पर्व वसंत पंचमी पर स्वास्थ सेवाओंं को और दुरुस्त किया गया है। आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर डिजास्टर किट नियत स्थानों पर पहुंचा दी गई हैं। केंद्रीय अस्पताल और 11 सेक्टर अस्पतालों में टीम को तैयार रहने को कहा गया है। साथ ही 25 पीएचसी पर अलर्ट घोषित कर ड्यूटी कार्ड जारी कर दिए गए हैं।
मेला क्षेत्र में 80 सामान्य और छह एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस एंबुंलेंस तैनात की गई हैं। पांच रिवर और एक एयर एंबुलेंस भी आपात स्थिति में ग्रीन कॉरीडोर से मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाएंगी।
मेले के दौरान भगदड़, आग और पानी में डूबने की घटना के तुरंत बाद चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। प्रभारी चिकित्सा डॉ. शक्ति बसु के मुताबिक सभी एंबुलेंस चालकों के साथ स्वास्थ्य कर्मियों को ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
25 आउट हेल्थ पोस्ट स्थापित कुंभ क्षेत्र में वसंत पंचमी स्नान पर्व पर स्वास्थ विभाग रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और प्रमुख मार्गों पर मौनी अमावस्या की तर्ज पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसके लिए 25 आउट हेल्थ पोस्ट पर कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। 15 मोबाइल टीमें भी मेला क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी।
एडी हेल्थ कुंभ मेला प्रभारी चिकित्सा डॉ. अशोक कुमार पालीवाल ने कहा कि स्वास्थ विभाग ने वसंत पंचमी स्नान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सफाई के विशेष प्रबंध किए गए हैं। साथ ही मच्छर-मख्खी से बचाव के उपाय कराए जा रहे हैं।