दिल्ली में मौसम भले ही साफ हो लेकिन प्रयागराज शीत लहर की चपेट में हैं और आने वाले तीन दिनों तक बादल भी छाए रहेंगे। अगर आप कुंभ में शामिल होने के लिए दिल्ली या किसी अन्य शहर से प्रयागराज आने की तैयारी में हैं और यहां के मौसम का हाल जानना चाहते हैं तो मोबाइल ऐप आपकी मदद करेगा। कुंभ मेला के लिए मौसम संबंधी विशेष सेवाएं 14 जनवरी से शुरू होने जा रही हैं।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगकी, पृथ्वी विज्ञान तथा पर्यावरण और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. हर्षवर्धन भारत प्रवास केंद्र लोधी रोड नई दिल्ली में मंगलवार सुबह 10 बजे कुंभ के लिए मौसम संबंधी विशेष सेवाओं का उद्घाटन करेंगे। कुंभ के दौरान प्रयागराज में मौसम का हाल बताने और अगले तीन दिनों के मौसम के बारे में पूर्वानुमान संबंधी सूचना प्रदान करने के लिए पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने मौसम संबंधी विशेष सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है।
इसके लिए प्रयागराज में चार अलग-अलग जगह स्वचालित मौसम केंद्र स्थापित किए गए हैं। ये केंद्र कुंभ मेला क्षेत्र से पांच से दस किलोमीटर के व्यास में सभी चार दिशाओं में स्थापित किए गए हैं। ये केंद्र इलाहाबाद विश्वविद्यालय, दिल्ली पब्लिक स्कूल, जीबी पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान और सैम हिग्गिनबॉटम क़ृषि प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विश्वविद्यालय (शुआट्स) में स्थापित किए गए हैं।
चारों केंद्रों में मौसम (तापमान, आद्रता, वर्षा और पवन) संबंधी ताजा सूचना का प्रसार करने के लिए ‘कुंभ मेला मौसम सेवा’ यानी ‘कुंभ मेला वेदर सर्विस’ नामक एक मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है। यह मोबाइल ऐप के. बनर्जी सेंटर, एटमॉस्फेरिक एंड ओसियन स्टडीज यूनिवसिर्टी ऑफ इलाहाबाद के सहयोग से तैयार किया गया है। यह मोबाइल ऐप अगले तीन दिनों के लिए प्रयागराज के बारे में मौसम संबंधी पूर्वानुमान और चेतावनियां भी जारी करेगा। ऐप गूगल स्टोर से डाउनलोड किया जा सकेगा। मौसम संबंधी यह विशेष सेवा देश-विदेश से प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए काफी मददगार साबित होगी।