पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में वर्ष 2016 में भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर बनी आधारित फिल्म ‘उरी द सर्जिकल स्ट्राइक’ का लुत्फ मंगलवार को राज्य सरकार के मंत्रियों ने लिया। नेत्र कुंभ शिविर के पास बनाए गए मोबाइल थियेटर में इस फिल्म का दीदार डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ तमाम मंत्रियों ने किया।
पूरी फिल्म देखने के बाद ही सभी मंत्री मोबाइल थियेटर से बाहर आए। डिप्टी सीएम केशव ने इस फिल्म की खूब प्रशंसा की। कहा कि भारतीय सेना के पराक्रम को इस फिल्म में बखूबी दिखाया गया है। मोदी सरकार में जिस तरह से दुश्मन के घर में घुसकर भारतीय सेना ने आतंकवादी मारे वह काबिले तारीफ है।
यहां चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, आशुतोष टंडन, सूर्य प्रताप शाही, जय प्रताप सिंह आदि मंत्रियों के साथ विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, विक्रमाजीत मौर्य, पूर्व विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, सुबोध सिंह, रवि केसरवानी, दिनेश तिवारी आदि के साथ काफी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों ने फिल्म देखी।
यहां मोबाइल थियेटर की व्यवस्था मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह की पहल पर की गई। फिल्म देखने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ को भी आना था लेकिन, कुंभ नगरी में आयोजित तमाम कार्यक्रम में शिरकत करने की वजह से वह लेट हो गए। इस वजह से उन्होंने और डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने फिल्म लखनऊ में देखने की बात कही। सिद्धार्थ नाथ ने बताया मोबाइल थियेटर के माध्यम से आने वाले दिनों में प्रयागराज में यह फिल्म अलग-अलग स्थानों पर दिखाई जाएगी।