सेवादल यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष संगीत तिवारी ने बताया कि प्रदेश भर से कांग्रेस सेवादल के युवा कार्यकर्ताओं को 28 जनवरी से शुरू हो रहे शिविर में आने के लिए संदेश जारी कर दिया गया है। शिविर में दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पांडेय समेत सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे। 31 तारीख को शिविर के समापन के मौके पर पार्टी अध्यक्ष राजबब्बर भी आएंगे।
विहिप की धर्म संसद की गतिविधि पर युवा साथी नजर रखे हुए हैं। पार्टी के प्रदेश सचिव और प्रयागराज जिला प्रभारी कृपाशंकर त्रिपाठी कृपेश ने बताया कि एक बार फिर संत समाज को बरगलाने की कोशिश हो रही है।
चुनाव पास आते ही राम मंदिर याद आने लगता है। धर्म संसद का कोई नतीजा नहीं निकलने वाला है। सिर्फ साधु-संत नहीं, जनता से भी झूठे वादे करने वाली केंद्र और प्रदेश सरकार की पोल पार्टी कार्यकर्ता खोलेंगे। इस मुद्दे पर पार्टी अदालत के फैसले को मानने संबंधी अपने पुराने रुख पर कायम है।
कुंभ नगर में राहुल और प्रियंका के संभावित आगमन की जानकारी मिलते ही स्थानीय के साथ आसपास के जिलों के कांग्रेसियों की सक्रियता बढ़ गई है। पहले अलग-अलग तारीखों में कुंभ आने की तैयारी कर रहे कांग्रेसी अब तीन-चार और नौ-दस फरवरी को ही आने की योजना बना रहे हैं।