मेला प्रशासन की ओर से विदेशी मेहमानों के स्वागत की विशेष तैयारी की गई है। बमरौली से संगम तक जगह-जगह सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से उनका स्वागत किया जाएगा। संगम क्षेत्र में भी ढोल-नगारे से स्वागत होगा। मेहमानों को ले आने वाले शटल बसों, क्रूज को भी खासतौर पर सजाया गया है। संगम पर भी उनके स्नान तथा भ्रमण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
32 देशों के विशेष दल का भी आगमन आज
32 देश के विशेषज्ञों का 75 सदस्यीय दल भी शुक्रवार को कुंभ क्षेत्र में होगा। इसमें भारत के भी प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इस दल में विदेश के डिप्लोमेट्स, प्रोफेशनल्स एवं शिक्षाविद होंगे। यह दल हमसफर ट्रेन से सुबह करीब साढ़े छह बजे जंक्शन पहुंचेगा। वहां से उन्हें अरैल स्थित टेंट सिटी में लाया जाएगा। वहां से सभी कुंभ क्षेत्र के भ्रमण के लिए निकलेंगे। मेहमान संगम स्नान के अलावा अक्षयवट, बड़े हनुमानजी का दर्शन करेंगे। कला ग्राम, संस्कृति ग्राम आदि स्थलों का भ्रमण करेंगे। अरैल स्थित परमार्थ दर्शन के शिविर में उनकी बैठक होगी। इसमें कुंभ आयोजन के साथ देश-दुनिया की वर्तमान स्थिति पर चर्चा होगी।