इलाहाबाद। दो महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज कुलभास्कर आश्रम पीजी कॉलेज के अध्यापकों और कर्मचारियों ने मंगलवार को कार्यबहिष्कार किया। कॉलेज परिसर में प्रदर्शन के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा निदेशालय में भी विरोध दर्ज कराया। इसकी वजह से पढ़ाई ठप रहने के साथ अन्य काम भी बाधित रहे। इससे नाराज विद्यार्थियाें ने भी हंगामा किया। इससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। अध्यापकाें और कर्मचारियों ने वेतन मिलने तक कार्यबहिष्कार जारी रखने की घोषणा की है।
कुलभास्कर तथा सहायता प्राप्त मंडल के अन्य कॉलेजों के शिक्षकों और कर्मचारियों को वेतन कानपुर क्षेत्रीय कार्यालय से निर्गत किया जाता है लेकिन तकनीकी कारणों से कुलभास्कर में कर्मियों को दो महीने से वेतन नहीं मिल पाया है। इससे नाराज अध्यापकों और कर्मचारियों ने काम करने से मना कर दिया। उनका कहना था कि जब तक वेतन जारी नहीं हो जाता तब तक वे क्लास में नहीं जाएंगे। इसकी वजह से कॉलेज में सभी काम ठप रहे। कॉलेज में प्रदर्शन के बाद शिक्षक और कर्मचारी निदेशालय पहुंच गए और निदेशक का घेराव किया। शिक्षकों के साथ प्राचार्य भी निदेशालय पहुंचे थे। वहां उन्हें एक-दो दिनों में समस्या के निदान का आश्वासन दिया गया। इससे वे संतुष्ट नहीं हुए और कार्यबहिष्कारी जारी रखने की घोषणा की। प्राचार्य डॉ.ज्योति शंकर का कहना है कि कानपुर के क्षेत्रीय निदेशक रिटायर हो गए हैं। इससे दिक्कत हो रही है। एक-दो दिनों में वेतन मिलने की उम्मीद है।
000
इलाहाबाद से वेतन देने के लिए भेजा जाएगा प्रस्ताव
0 मंडल के सभी कॉलेज इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध हो गए हैं। इसके बावजूद यहां के सहायता प्राप्त कॉलेजों के अध्यापकों और कर्मचारियों को वेतन कानपुर क्षेत्रीय कार्यालय से निर्गत किया जाता है। इससे कर्मियों को कई तरह की परेशानी उठानी पड़ती है। मंगलवार को निदेशक के घेराव के दौरान यह मुद्दा भी उठा। निदेशक ने अध्यापकों से कहा कि वे इलाहाबाद से वेतन निर्गत करने का प्रस्ताव भेजें। समाधान किया जाएगा। कुलभास्कर आश्रम पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ.ज्योति शंकर ने बताया कि मंडल में 18 सहायत प्राप्त महाविद्यालय हैं। सभी प्राचार्य की ओर से इसका जल्द प्रस्ताव भेजा जाएगा।