चांदपुर-सलोरी में दधिकांदो मेले में शनिवार को लोगों में गजब उत्साह देखने को मिला। शाम होते ही पूरा क्षेत्र रंग-बिरंगी लाइटों से नहा उठा। वहीं, बग्घी पर सवार होकर कृष्ण-बलदाऊ निकले तो उनकी एक झलक पाने को हर कोई बेताब था। इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश भी दिया गया।
प्राचीन शिव मंदिर पर सविधि मंत्रोच्चार संग डीसीपी नीरज पांडेय, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, एडीएम सिटी मदन कुमार और चांदपुर सलोरी दधिकांदो कमेटी के अध्यक्ष राकेश शुक्ल कंचन ने स्वरूपों की पूजा की। आरती के बाद सुसज्जित बग्घी पर सवार होकर कृष्ण-बलदाऊ के स्वरूपों की नयनाभिराम झांकी निकाली गई। सलोरी, यादव बस्ती से शुक्ला मार्केट, आईईआरटी, सादियाबाद, बघाड़ा, चांदपुर होते हुए दोबारा सलोरी आकर शोभायात्रा ने विराम लिया।
पहलवानों ने दिखाए दांवपेच
चांदपुर-सलोरी के दधिकांदो मेले में बनारस, दिल्ली, लखनऊ, बलिया से आए नामी पहलवानों ने दांवपेच दिखाए। दंगल के अध्यक्ष रामजी शुक्ला के नेतृत्व में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक दंगल देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं, महिला पहलवानों ने भी प्रतिभाग किया। इस मौके पर प्राचीन दधिकांदो मेला कमेटी के महामंत्री नवीन शुक्ला, उपाध्यक्ष वीरेंद्र शुक्ला, जितेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष पंकज महरा निषाद, विजय निषाद, दिनेश चंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे।
स्वाद-मनोरंजन का मजा लेते बच्चे और बड़े
दधिकांदो मेले में स्वाद और मनोरंजन का मेल लोगों को लुभाता रहा। जगह-जगह अनरसा, सोहन पापड़ी, चाट, चाइनीज जायकों के ठेले, स्टॉलों पर भीड़ लगी रही। जगह-जगह प्रतियोगिताएं भी होती रहीं। मेले एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।