केपी ट्रस्ट अध्यक्ष का चुनाव जीतने के बाद समर्थकों से घिरे चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह।
- फोटो : अमर उजाला।
चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह कायस्थ पाठशाला के नए अध्यक्ष होंगे। उन्होंने डॉ.सुशील सिन्हा को 76 मतों के अंतर से हराया। खास यह कि पुनर्मतगणना में कुल 17 वोट भी बढ़े मिले। पुनर्मतगणना के दौरान विकास भवन परिसर में दोनों पक्षों के समर्थन दिन भर डटे। सिटी मजिस्ट्रेट समेत अन्य अफसर भी पूरे समय तक मतगणना हाल में मौजूद रहे।
कायस्थ पाठशाला अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य के लिए 2023 में 25 दिसंबर को मतदान हुआ था। इसके अगले दिन मतगणना के बाद डॉ.सुशील सिन्हा को मात्र 18 मतों के अंतर से विजयी घोषित किया गया था। उस समय 55 मत अवैध घोषित किए गए थे। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के बॉक्स में पड़े 148 मतों की गिनती नहीं की गई थी।
परिणाम के विरोध में दूसरे स्थान पर चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह ने इन 148 मतों को शामिल करते हुए दोबारा मतगणना कराने की मांग की थी। इसकी सुनवाई करते हुए एसडीएम सदर अभिषेक कुमार सिंह ने अपने 22 मार्च के फैसले में विवादित 148 मतों को शामिल करते हुए पुनर्मतगणना का आदेश दिया था।
इसी क्रम में डीएम की अनुमति के बाद विकास भवन के सभागार में शुक्रवार को भारी फोर्स की मौजूदगी में मतगणना शुरू हुई। एसडीएम के आदेश के क्रम में नायब तहसीलदार चुनाव का पर्यवेक्षक रहे। इनके अलावा डीएम ने भी सिटी मजिस्ट्रेट को पर्यवेक्षक नियुक्त किया। ऐसे में दोनों अफसर पूरी मतगणना के दौरान मतगणना हाल में मौजूद रहे।