शिविरों में बनेगी कोविड-19 हेल्प डेस्क,
- फोटो : अमर उजाला
माघ मेले के प्रथम स्नान पर्व मकर संक्रांति की तैयारियों की रविवार को समीक्षा की गई। साथ ही अधूरे कार्यों को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कोविड-19 के प्रोटोकॉल के तहत कल्पवास और मेले की बसाहट की तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
प्रयागराज मेला प्राधिकरण के ट्रिपल आईसी सभागार में माघ मेले के प्रथम स्नान पर्व की तैयारी की समीक्षा डीए ने की। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अफसरों समय रहते स्नान घाटों एवं शौचालयों तक चौड़ी चकर्ड प्लेट रोड बनाने की हिदायत दी। साथ ही सिंचाई विभाग को स्नान घाटों का निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि हर सेक्टर में शौचालय लगवाने के साथ ही अफसर अतिक्रमण भी किसी मेला मार्ग पर न होने दें। संस्थाओं के शिविरों में कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन किया जाना चाहिए। साथ ही कोविड-19 हेल्प डेस्क स्थापित की जाए, ताकि शिविरों में आने जाने वाले व्यक्तियों की लॉग बुक बनाकर इंट्री की जाए।
आईजी केपी सिंह ने सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होंने जल पुलिस को निर्देशित किया कि किसी भी हाल में कोई नाविक बिना लाइफ जैकेट के नावों का संचालन न करने पाए। साथ ही एक बार में आठ से अधिक सवारियां नावों में न बैठाई जाएं। इस मौकेपर पुलिस अधीक्षक मेला राजीव नारायण मिश्रा, एएसपी आशुतोष मिश्र, एएसपी प्रोटोकॉल कुलदीप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट रजनीश मिश्रा समेत कई अफसर उपस्थित थे।