कोतवाली क्षेत्र के बेलहा में संदिग्ध परिस्थितियों में धीरज पटेल (16) ने फांसी लगाकर जान दे दी। वह ठेले पर फल बेचता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लालगंज कोतवाली के बेलहा बुआ का पुरवा निवासी धीरज पटेल उर्फ सुगनू (16) पुत्र बाबू पटेल ठेले पर फल बेचता था। रविवार की रात खाना खाकर वह अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह देर तक वह बाहर नहीं निकला तो उसकी मां कुसुमा देवी बुलाने लगी। अंदर से आवाज नहीं आने पर मां कमरे में पहुंची तो बेटे धीरज का शव फंदे से लटकता देख दहाड़ मारकर रोने लगी।
घटना की जानकारी पर आसपास के लोगों ने शव उतारकर चारपाई पर रख दिया। कुछ देर में कोतवाल संजय यादव पहुंचे और फल विक्रेता किशोर का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस की जांच में गले पर रस्सी व पीठ पर चोट के निशान मिले। पीठ पर चोट के निशान मिलने पर ग्रामीणों ने घटना पर संदेह जताया।
मृतक की मां कुसुमा देवी ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि धीरज अक्सर शराब के नशे में रहता था। इसके चलते उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस की छानबीन में यह भी सामने आया कि कुछ दिनों पहले वह किसी के घर में घुस गया था, जिस पर उसकी पिटाई हुई थी। लालगंज के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तक की जांच में आत्महत्या करने की बात ही सामने आ रही है।
लालगंज के बेलहा में फल विक्रेता के आत्महत्या करने के बाद विलखते परिजन।- फोटो : PRATAPGARH