नैनी। युवक की मौत के बाद अस्पताल में किया गया तोड़फोड़।
औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत रीवा राजमार्ग के डेरी बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करते हुए डॉक्टर की पिटाई कर दी। परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नेवारा समोगर निवासी दिनेश भारती (28) दो साल से बीमार थे। उनका इलाज क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को वह डॉक्टरों को दिखाने गए थे। दवा लेकर वह घर लौट आए थे। देर शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उल्टी होने लगी। परिवार के लोग उन्हें दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में इलाज शुरू हुआ लेकिन कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। दिनेश की मौत के बाद परिवार के लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल में तोड़फोड़ की गई और चिकित्सक व स्टाफ की पिटाई भी हुई।
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। थाना प्रभारी कमलेश पटेल ने बताया कि युवक की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया था। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मामले में शिकायती पत्र के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।