पिछले साल हुए सनसनीखेज सचिन सोनकर हत्याकांड के वादी चंदन सोनकर को तमंचा सटाकर धमकी दी गई। मुकदमे में सुलह न करने पर न सिर्फ उसे बल्कि पूरे परिवार को खत्म करने को धमकाया गया। शिकायत पर जार्जटाउन पुलिस ने एक नामजद व पांच-छह अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की है।
पिछले साल 18 अगस्त को एक दिन में हुई छह हत्याओं के जिस मामले में तत्कालीन एसएसपी अतुल शर्मा निलंबित हुए, उसमें अल्लापुर में सचिन सोनकर की हत्या की वारदात भी शामिल थी। बड़ी बेरहमी से गोली मारने के बाद हत्यारे उसका शव कब्रिस्तान में फेंककर भाग निकले थे। मामले में रजत व बच्चा पासी समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मृतक सचिन के भाई चंदन ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार शाम वह अपने घर के पास था। तभी हत्यारोपी रजत का भाई सुजीत उर्फ भोला चार-पांच अज्ञात संग आ धमका और उसे तमंचा सटा दिया। इसके बाद मुकदमे में सुलह न करने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। साथ ही यह भी कहा कि पिछली बार भाई के हमले में बचे मनोज तिवारी से भी मुकदमा वापस लेने को कह देना वरना वह भी जान से मारा जाएगा। बता दें कि सचिन की हत्या से पहले ही आरोपियों ने अल्लापुर निवासी अधिवक्ता मनोज पर भी जानलेवा हमला किया था। चंदन ने बताया कि उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे तो आरोपी भाग निकले। जिसके बाद उसने सूचना दी लेकिन अल्लापुर चौकी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मामले की शिकायत एसपी सिटी से की गई तब जाकर जार्जटाउन पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। मामले में एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिली थी, जिस पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। जांच की जा रही है।