शव के गांव पहुंचने पर परिजनों में मचा कोहराम
- फोटो : अमर उजाला
नैनी से दो दिन पहले अगवा हुए लोटाढ़ के पूर्व प्रधान ज्ञान चन्द्र सोनी के बेटे अमन वर्मा (16) की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वह नैनी में रहकर पढ़ाई करता था। नौवीं के छात्र अमन वर्मा की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पिता ने मकान मालिक के बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है।
उधर, पोस्टमार्टम के बाद शव उसके पैतृक गांव लोटाढ़ के गुरुदत्तकापूरा गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। मां सुमन देवी तो रोते-रोते बदहवास हो गई है। बता दें कि लोटाढ़ गांव के पूर्व प्रधान ज्ञान चन्द्र सोनी के दो बेटों में बड़ा अमन वर्मा नैनी के एक विद्यालय में कक्षा नौवीं का छात्र था। वह नैनी के चकराना तिवारी सीओडी गेट चाका में कमलेश तिवारी के मकान में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई करता था।
पिता ज्ञानचन्द्र सोनी का आरोप है कि 27 दिसंबर को रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे मकान मालिक का बेटा आकाश तिवारी बेटे के कमरे में आया और उसे जबरन कहीं लेकर चला गया। दूसरे दिन जानकारी मिलने पर अमन की खोजबीन की लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। इस पर नैनी थाने में एक रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। 29 दिसंबर को एक युवक की लाश बारा थाना क्षेत्र में बरामद होने की सूचना मिलने पर मौके पर गया तो बेटे अमन की ही लाश निकली। उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी।
शनिवार को अमन का शव घर लाया गया तो कोहराम मच गया। लोग बताते हैं कि अमन मेधावी छात्रों में से एक था। इसीलिए पूर्व प्रधान ज्ञान चन्द्र वर्मा ने किराए का कमरा दिलाकर पढ़ाई के लिए उसे नैनी भेजा था। मां, बेटे की लाश देख रोते-रोते पागल सी हो गई है। एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है जल्द ही वह पकड़ में आ जाएगा। उधर, सिरसा के छतवा गंगा घाट पर अमन का अंतिम संस्कार किया गया। मौके पर मेजा, बारा, करछना सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मुस्तैद रही।