इलाहाबाद। शहर में मिलावट का एक नया मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट की पुष्टि होने पर यम रेस्टोरेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को एक साथ दो नोटिस जारी कर दिए हैं। इसे लोग केएफसी रेस्टोरेंट के नाम से जानते हैं। केएफसी में तेल को ताजा बनाए रखने के लिए प्रतिबंधि पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। साथ ही जांच रिपोर्ट में पामोलिन ऑयल सब स्टैंडर्ड पाया गया। उसमें रेंसिडिटी पॉजिटिव मिली, जो सेहत के लिए घातक है।
विभाग की टीम ने कुछ दिनों पहले सिविल लाइंस स्थित केएफसी रेस्टोरेंट में छापा मारा था। वहां से पॉमोलिन ऑयल का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। इसके अलावा टीम को वहां से मिरैकल पाउडर मिला था। पूछताछ में बताया गया था कि चार-पांच बार तेल में कोई चीज तलने के बाद तेल को ताजा बनाए रखने के लिए मिरैकल पाउडर मिलाया जाता है। इस पर अफसरों ने विभागीय विशेषज्ञों से पूछा था कि तेल में मिरैकल पाउडर का इस्तेमाल ठीक या गलत। विभाग के अभिहित अधिकारी हरिमोहन श्रीवास्तव ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गई है। जांच में पामोलिन ऑयल सब स्टैंडर्ड मिला है। साथ ही उसमें रेंसिडिटी पॉजिटिव पाई गई जबकि इसे निगेटिव होना चाहिए था। रेंसिडिटी पॉजिटिव होने पर ऑक्सीजन से संपर्क आते ही अम्लीय हो जाती है, जो सेहत के लिए खतरनाक है।