फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP : केशव बोले- अखिलेश और उनका परिवार रामद्रोही, तीसरी बार  बनने जा रही है भाजपा की सरकार

Sun, 21 Jun 2026 07:04 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके कुनबे पर रविवार को बड़ा हमला बोला।
विज्ञापन
केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके कुनबे पर रविवार को बड़ा हमला बोला। प्रयागराज के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन मीडिया से मुखातिब होते हुए डिप्टी सीएम ने सपा सुप्रीमो को सीधे तौर पर राम द्रोही करार दे दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अखिलेश यादव और उनका परिवार राम जन्मभूमि को लेकर किसी भी तरह की बयानबाजी और टिप्पणी करने से पूरी तरह बाज आए।

विज्ञापन


दरअसल, विश्व योग दिवस के मौके पर संगम नोज पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद डिप्टी सीएम मीडियाकर्मियों से रूबरू थे। इस दौरान जब पत्रकारों ने उनसे राम मंदिर के चंदा चोरी मामले को लेकर अखिलेश यादव द्वारा लगातार उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया मांगी, तो डिप्टी सीएम ने तल्ख लहजे में कहा कि अखिलेश यादव और उनका पूरा परिवार राम द्रोही है, इसलिए वे श्री राम जन्मभूमि के पवित्र विषय पर अपनी टिप्पणी न करें।

उन्होंने साफ किया कि जिस मामले की वे बात कर रहे हैं, उसकी जांच चल रही है, लेकिन सपा का चरित्र हमेशा से राम विरोधी रहा है। डिप्टी सीएम ने राजनीतिक दावों को हवा देते हुए यह भी भरोसा जताया कि पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा सहित देश के चारों कोनों में कमल खिल चुका है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डबल इंजन सरकार पर जनता के अटूट विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के भीतर प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है।

विज्ञापन

ओलंपिक में पदक जीतने वाला खिलाड़ी प्रयागराज का हो यही मेरी इच्छा

अपने इस दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल पदाधिकारियों के साथ होटल प्लेसिड में एक संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। वहां उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए डबल इंजन सरकार का खजाना खुला हुआ है। उन्होंने इच्छा जताई कि ओलंपिक में पदक जीतने वाला खिलाड़ी प्रयागराज की धरती से निकले और अंतरराष्ट्रीय खेलों के मानचित्र पर इस पावन नगरी का नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो।

संवाद के दौरान जब अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी अभिन्न श्याम गुप्ता ने शहर में स्विमिंग पूल की असुविधा का मुद्दा उठाया, तो डिप्टी सीएम ने मौके पर मौजूद आरएसओ प्रेम कुमार से जवाब तलब कर दिया। आरएसओ ने उन्हें आश्वस्त किया कि जीर्णोद्धार का काम चल रहा है और इस महीने के अंत तक स्विमिंग पूल शुरू हो जाएगा। वहीं, शतरंज के होनहार खिलाड़ी शिवाय सिंह के पिता द्वारा आर्थिक तंगी के कारण बेटे को जॉर्जिया की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भेजने में आ रही अड़चनों का जिक्र करने पर डिप्टी सीएम ने तुरंत खेल अधिकारी को मामले का संज्ञान लेने और मदद करने के निर्देश जारी किए।

विज्ञापन

कैलाश मानसरोवर की यात्रा पूरी करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

डिप्टी सीएम ने विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत शहर के कई गणमान्य लोगों के आवास पर पहुंचे। इसी कड़ी में वे पूर्व अपर महाधिवक्ता और इलाहाबाद संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी रहे नीरज त्रिपाठी के आवास पर गए। वहां उन्होंने नीरज त्रिपाठी और उनकी पत्नी कविता यादव त्रिपाठी से मुलाकात की। केशव प्रसाद मौर्य ने कविता यादव त्रिपाठी और उनके दल की 24 महिलाओं को पवित्र कैलाश मानसरोवर की कठिन यात्रा सकुशल पूरी करने के उपलक्ष्य में स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। डिप्टी सीएम को पवित्र मानसरोवर झील का जल और प्रसाद भेंट किया। इस पूरे प्रवास के दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, निर्मला पासवान, अवधेश चंद्र गुप्ता, आनंद श्रीवास्तव, आशीष गुप्ता, शैलेश पांडे , विजय द्विवेदी , पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें