प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य
- फोटो : amar ujala
इलाहाबाद(ब्यूरो)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और फूलपुर के सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने दावे के साथ कहा कि इलाहाबाद में हुई मायावती की जनसभा में भाड़े पर लोग बुलाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बसपा की रैली में 500-500 रुपये देकर लोगों को लाया गया। कहा कि मायावती का खेल अब खत्म हो चुका है। उनकी रैली से कहीं ज्यादा उत्साह जून माह में परेड मैदान में हुई पीएम नरेंद्र मोदी की रैली में था।
सोमवार को इलाहाबाद जंक्शन पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान केशव ने कहा कि वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव में बीजेपी को मिली सफलता के बाद मायावती का खेल अब खत्म हो चुका है। यही हाल अब वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भी होगा। मायावती पर दयाशंकर सिंह की टिप्पणी के सवाल पर केशव ने कहा कि उन्हें पार्टी से निकाला जा चुका है। उनके बारे में कुछ नहीं कह सकता। इस दौरान केशव ने यूपी सीएम अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। कहा कि वे केंद्र सरकार के विकास कार्यों में रोड़ा अटका रहे हैं।
मलहरा क्रासिंग पर जल्द बने ओवरब्रिज
इलाहाबाद(ब्यूरो) जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद डीआरयूसीसी सदस्य एवं भाजपा पार्षद गणेश केसरवानी, गिरि बाबा आदि के नेतृत्व में सांसद केशव प्रसाद और श्यामा चरण गुप्ता को ज्ञापन देकर नैनी मलहरा रेलवे क्रांसिंग पर जल्द से जल्द रेल ओवरब्रिज निर्माण कराने की मांग की गई। कहा कि ओवरब्रिज न बनने से लोगों को परेशानी हो रही है। ज्ञापन देने वालों में दिलीप केसरवानी, गिरजेश मिश्र, उमेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।