पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के बेगमपुर गांव में शनिवार की शाम खेत के बंटवारे को लेकर सगे भाइयों में जमकर मारपीट हुई। इसमें सिर फटने से छोटे भाई की मौत हो गई। मामले में पड़ोसी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बेगमपुर निवासी रामसुख खेती-किसानी करते हैं। रामसुख के तीन बेटे हैं। सबसे छोटा बेटा रवि कुमार (25) का शनिवार की शाम अपने दोनों भाइयों से खेत के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ी तो रवि के बड़े भाइयों ने लाठी-डंडे से उसे पीटना शुरू कर दिया। बुरी तरह पिटाई होने से रवि का सिर फट गया। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रवि की हत्या में परिवार की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। इंस्पेक्टर पूरामुफ्ती रमेश पटेल ने बताया कि पड़ोसी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जाएगा।
10 मई को होनी थी रवि की शादी
रवि की शादी 10 मई को होनी थी। इसे लेकर परिवार में जश्न का महौल था। परिवार के लोग धूमधाम से शादी की तैयारी करने में जुटे थे। शनिवार शाम छह बजे परिवार के सदस्य खेत से काम करके लौटे तो रवि बंटवारे को लेकर विवाद करने लगा। बात बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसमें रवि की जान चली गई।