पखरावां गांव निवासी नरसिंह यादव के खेत में गेहूं की फसल बाई गई है। सोमवार सुबह कुछ लोग खेत की तरफ गए तो उन्होंने करीब 35 वर्षीय महिला का शव देखा। महिला का शव निवस्त्र पड़ा हुआ था। महिला के कमर के पास एक ब्लाउज पड़ा था। घटनास्थल पर चूड़ियां टूटकर बिखरी थी। इससे अनुमान लगाया गया कि महिला ने कातिल के साथ संघर्ष भी किया होगा। घटनास्थल को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि वारदात में महिला का कोई जानने वाला शामिल होगा।
ग्रामीणों की सूचना पर एएसपी समर बहादुर एसओजी, सैनी, कड़ा कोतवाली की फोर्स के साथ पहुंचे। घटनास्थल के आसपास का निरीक्षण करने पर करीब सौ मीटर दूर एक साड़ी व पेटीकोट पड़ा मिला। शव से कुछ ही दूरी पर एक लेडीज पर्स व जूती मिली है। शव के पास ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे महिला की शिनाख्त हो सके। चर्चा रही कि महिला करारी इलाके के एक की रहने वाली है। उसके साथ दुष्कर्म के बाद मौत के घाट उतारा गया। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है।
- महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमलाकर मौत के घाट उतारा गया है। गैंगरेप की बात कहना अभी जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सही कारण पता चल सकेगा। महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। -समर बहादुर, एएसपी
चर्चा रही कि महिला करारी इलाके के एक गांव की रहने वाली है। सैनी पुलिस की सूचना पर करारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताए गए पते पर पुलिसकर्मी भेजे तो वहां ताला बंद मिला। फिलहाल करारी कोतवाली में इस तरह की किसी महिला के लापता होने का केस भी दर्ज नहीं है। वहीं सैनी के वरिष्ठ उपनिरीक्षक केदारनाथ राय का कहना है जिले के कई थानों को महिला की फोटो भेजी गई है। कई स्थानों से लोग पहचान के लिए आ रहे हैं।