चरवा कोतवाली के काजू गांव में ग्राम प्रधान का चुनाव जीतने के बाद जश्न मनाने के दौरान जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें एक सिपाही के सिर में गंभीर चोटें आई है। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने गांव के नवनिर्वाचित प्रधान समीर सिंह समेत 12 लोगों को पाबंद कर दिया। मौके से पकड़े गए प्रधान समेत तीन लोगों को पुलिस ने मुचलके पर छोड़ भी दिया।
मूरतगंज ब्लॉक के काजू गांव के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान समीर सिंह बुधवार को समर्थकों के साथ जीत के जश्न के दौरान बस्ती से बाहर स्थित मंदिर पर पूजा करने चले गए थे। पूजा के दौरान प्रधान समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची चरवा पुलिस को देख प्रधान समर्थकों ने पथराव कर दिया। इस दौरान सिर पर पत्थर लगने से सिपाही अर्जुन घायल हो गया।
इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस टीम ने जख्मी सिपाही को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में पुलिस ने गांव के निर्वाचित ग्राम प्रधान समीर सिंह समेत 12 लोगों को पाबंद कर दिया। इंस्पेक्टर चरवा संत शरण सिंह का कहना है कि मामले में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान सहित तीन मुख्य आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्हें मुचलके पर छोड़ भी दिया गया है। अन्य लोगों पर कार्रवाई की जा रही है।