फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaushambi : मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व प्रधान को बदमाशों ने मारी चार गोलियां

Mon, 04 May 2026 04:56 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

संदीपनघाट थाना क्षेत्र के आलमचंद गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व प्रधान मनोज कुमार पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
विज्ञापन
आलमचंद्र गांव में घटनास्थल की जांच करते पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संदीपनघाट थाना क्षेत्र के आलमचंद गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व प्रधान मनोज कुमार पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सिर, पेट और पैर समेत शरीर में चार गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजन उन्हें गंभीर हालत में प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमों का गठन किया है।

आलमचंद गांव निवासी मनोज कुमार (50) वर्ष 2010 से 2015 तक ग्राम प्रधान रह चुके हैं। सोमवार सुबह वह रोज की तरह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। बताया जाता है कि गांव स्थित महेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज के पीछे महुआरी बाग रोड पर पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश बदमाश बाइक से पहुंचे और अचानक उन पर 315 बोर के तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लगातार चली गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण दहशत में आ गए। गोली लगते ही मनोज कुमार लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। बदमाश वारदात को अंजाम देकर तेज रफ्तार से फरार हो गए। कुछ ग्रामीणों ने साहस जुटाकर मौके पर पहुंचकर पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल पूर्व प्रधान को मूरतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल, प्रयागराज रेफर कर दिया। अस्पताल में उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी चायल अभिषेक सिंह और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से पूछताछ की। हालांकि अभी तक हमले के पीछे की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश, चुनावी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि आलमचंद गांव के पूर्व प्रधान पर गोली मारकर हत्या का प्रयास किया गया है। फिलहाल घटना का कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। हमलावरों की गिरफ्तारी और वारदात के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें