घर से भाग कर शादी रचाने जा रहे प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। दुस्साहसिक वारदात के गवाह लड़की व लड़के के घरवाले भी थे, लेकिन किसी ने भी उन्हें बचाने की हिम्मत नहीं जुटाई। मामला बिगड़ता देख ग्रामीणों ने चुपके से पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
यहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल किसी पक्ष की तरफ से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। कोखराज कोतवाली इलाके के एक गांव में रहने वाला युवक अपनी चचेरी बहन से प्यार करता था। दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। एक ही परिवार में भाई-बहन के बीच शादी बिरादरी व परिवार के लोगों को नागवार गुजर रही थी।
इस पर दोनों पक्षों ने शादी से साफ मना कर दिया। घरवालों के इनकार के बाद दोनों ने घर से भाग कर शादी करने का फैसला कर लिया। बृहस्पतिवार भोर करीब पांच बजे युवती शौच के बहाने घर से निकली। इसके बाद युवक भी घर से भाग निकला। दोनों गांव से लोगों की नजरों से छिपते हुए दारानगर पहुंच गए। इधर,घटना की जानकारी जब लड़की व लड़का पक्ष के लोगों को हुई तो सभी लोग गांव वालों के साथ मिलकर खोजबीन में जुट गए।
दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने दोनों को दारानगर में खोज निकाला। यहां दोनों की जमकर धुनाई की गई। इस दौरान प्रेमी युगल रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा। लाठी, डंडों, जूतों और चप्पलों से जिसे जो मिला उसी से पीटा गया। गांव के लोगों को घटना देखी नहीं गई तो उनमें से किसी ने पुलिस को खबर दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। इस बाबत सीओ सिराथू योगेंद्र कृष्ण नारायण सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलती है तो प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।