भरवारी थाना क्षेत्र के खटका गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक नवजात बालक का शव आवारा अवारा कुत्ते नोच कर खा रहे थे। इंसानियत को झकझोर देने वाली इस घटना में लोगों की संवेदनहीनता भी उजागर हुई। चौकीदार की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के मुताबिक, वॉर्ड चार श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, तेलैया टीकुर निवासी चौकीदार अशोक कुमार ने बताया कि सात मार्च की दोपहर करीब तीन बजे वह क्षेत्र में घूमने निकले थे। इसी दौरान खटका निवासी मिश्रीलाल के घर के पीछे एक कुत्ता नवजात बालक के शव को नोंचते-घसीटते हुए लेकर पहुंचा।
कुत्ते के जबड़े में दबे मासूम के मांस के लोथड़े को देखकर भी आसपास मौजूद लोग अनजान बने रहे। चौकीदार के मुताबिक, कुछ बच्चों ने हिम्मत दिखाई और कुत्ते पर पथराव कर उसे खदेड़ा। इससे कुत्ता शव को बली प्रजापति के खेत में छोड़कर भाग निकला।
थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि चौकीदार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही है। घटना का जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।